Delhi Crime News: उत्तर- पूर्व दिल्ली के भजनपुरा इलाके में दो लोगों ने गोली मार कर एक युवक की हत्या कर दी । पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मरने वाले की पहचान नजीम खान (22) के रूप में की गयी है। वह विजय पार्क के सुभाष मोहल्ला का रहने वाला था और लाल किला में एक दुकान चलाता था।
नहीं हो सकी आरोपी की पहचानः उन्होंने बताया कि शुक्रवार (13 सितंबर) की रात उन्हें घटना की जानकारी मिली। खान को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि खान को दो लोगों ने गोली मारी थी, जिनकी अब तक पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
National Hindi News 15 September 2019 LIVE Updates: दिन भर की बड़ी खबर के लिए यहां क्लिक करें
पहले भी सामने आए मामलेः इससे पहले दिल्ली के उत्तर पूर्वी इलाके के दुर्गापुरी चौक पर कुछ अज्ञात बाइक सवार हमलावरों द्वारा एक युवक की दिन-दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
वहीं कुछ समय पहले एक मीट व्यापारी की बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना को अंजाम पश्चिम विहार इलाके में दिया गया था। यहां सलीम नाम के युवक के पास कुछ बदमाश आए और उन पर ताबड़तोड़ गोलियों से फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। देश की राजधानी दिल्ली में बदमाशों के दिन-दहाड़े हमला करने के हौसले बुलंद होते जा रहें हैं और पुलिस के पुख्ता इंतजामों के दावे खोखले साबित हो रहे हैं।

