दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में एक किशोर की कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। हत्या के आरोप में 14 साल के लड़के को सोमवार सुबह पकड़ लिया गया। पुलिस ने सोमवार सुबह जानकारी दी।
दरअसल, बाड़ा हिंदू राव अस्पताल ने रविवार रात पुलिस को सूचना दी कि 16 साल के अरुण को यहां भर्ती कराया गया है। उसके पेट में चाकू घोंपी गई है। उन्होंने आगे बताया कि सोमवार तड़के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
क्या है हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक, दो दिन पहले मामूली बात को लेकर अरुण का आरोपी युवक के साथ झगड़ा हुआ था। पुलिस ने बताया कि इसी का बदला लेने के लिए आरोपी ने रविवार को अरुण पर चाकू से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने खुलासा किया है कि पुरानी रंजिश के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दिल्ली के गाती कॉलोनी में युवक की चाकू गोदकर हत्या
ऐसा ही एक मामला दिल्ली के गीता कॉलोनी से सामने आया है। यहां रविवार रात एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद युवक फरार हो गया। घटना गीता कॉलोनी स्थित एक पार्क की है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। दिल्ली शाहदरा जिले के डीसीपी रोहित मीना के अनुसार, मृतक की उम्र 30 साल है। ऐसा प्रतीत होता है कि आपसी झगड़े के बाद शख्स की हत्या कर दी गई।
डीसीपी रोहित मीणा के अनुसार, सूचना मिलने पर जब पुलिस घटना स्थल पर पहुंची तो पार्क के गेट पर मृतक की लाश पड़ी थी। जानकारी के अनुसार, दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने युवक को ताबड़तोड़ चाकू मार दिया। इस हमले में युवक बुरी तरह घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस को मामले में कुछ जानकारी मिली है। जिसके आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश कर रही है।