Delhi South Delhi Triple Murder: राजधानी दिल्ली में बुधवार को तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। दक्षिणी दिल्ली के नेब सराय के देवली में पति-पत्नी और बेटी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना से समय बेटा मॉर्निंग वॉक पर गया था। जब वह लौटकर आया तो उसके होश उड़ गए। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस बेटे से पूछताछ कर रही है। आसपास के सीसीटीवी की मदद से घटना की जांच की जा रही है।
मॉर्निंग वॉक पर गया था बेटा
जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने पति राजेश (55), पत्नी कोमल (47) और बेटी कविता (23) की हत्या कर दी। बेटा सुबह करीब 5 बजे मॉर्निंग वॉक पर गया था। जब वह वापस लौटा तो उसने मां-पिता और बहन के शव खून से लथपथ देखे। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
आज ही थी मैरिज एनिवर्सरी
राजेश आर्मी से रिटायर थे। 4 दिसंबर को ही उनकी शादी की सालगिरह थी। पुलिस के मुताबिक बेटा जब 7 बजे घर लौटकर आया तब तक हत्या हो चुकी थी। वह घर लौटा को तीनों से शव देखकर उसकी चीख निकल गई। तीनों की गर्दन पर चाकू से हमला किया गया था। घटना से बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सैंपल एकत्रित किए हैं। तीनों की हत्या किसने और क्यों की, पुलिस इसकी जांच में जुट गई है। पड़ोसियों ने बताया कि सुबह करीब 5:30 बजे उन्हें हत्या की बात पता चली। राजेश मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले थे और कई सालों से देवली गांव में रह रहे थे। बता दें कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लगातार दिल्ली में कानून व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे हैं।
उन्होंने एक्स पर लिखा ‘नेब सराय के एक ही घर में तीन हत्याएं। ये बेहद दर्दनाक और डराने वाला है। हर रोज दिल्लीवासियों की सुबह ऐसी ही डरावनी खबरों के साथ हो रही है। अपराधियों को खुली छूट मिली हुई है, कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। घर के घर बर्बाद हो रहे हैं, मासूम जिंदगियां जा रही हैं। और जिनकी जिम्मेदारी है वो लोग चुपचाप ये सब होते देख रहे हैं। क्या केंद्र सरकार ऐसे ही चुप्पी साध के दिल्ली की कानून व्यवस्था को दम तोड़ते देखती रहेगी? क्या अब भी इनकी पार्टी यही कहेगी कि दिल्ली में क्राइम कोई मुद्दा नहीं है?’