दिल्ली के जाफराबाद में एक शख्स की चाकू से गोंदकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप शख्स की प्रेमिका के पिता और दो भाइयों पर लगा है। आरोपियों की पहचान मंजूर (लड़की का पिता) मोहसिन (लड़की का भाई है) के रूप में हुई है। वहीं तीसरा आरोपी नाबालिग है। वह भी लड़की का भाई। पीड़ित की पहचान 25 साल के सलमान के रूप में हुई है। यह घटना चौहान बांगर के कल्याण सिनेमा के पास हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जिसमें देखा जा सकता है कि सलमान को तीन लोग मिलकर बेरहमी से मार रहे हैं। वे उसे चाकुओं से गोंद रहे हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि सलमान का किसी लड़की के साथ अफेयर था। लड़की के परिवार वाले इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर सलमान की हत्या कर दी गई।

तीनों आरोपियों ने ताबड़तोड़ चाकुओं से किया वार

दरअसल, सोमवार को जब सलमान जाफराबाद में एक संकरी गली में अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था तो प्रेमिका के पिता और दोनों भाइयों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। वे पहले से ही घात लगाकर बैठे थे। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। फुटेज में देखा जा सकता है कि सलमान अपनी बाइक पर दो लोगों को बिठाए हुए है। वह गली में बाइक चला रहा है। तभी उसे दो-तीन लोग मिलकर रोक लेते हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि वे हथियार लहरा रहे हैं औऱ बार-बार सलमान पर हमला कर रहे हैं। वे सलमान पर तब कर वार करते हैं जबतक वह मर नहीं जाता है। सलमान पर हमला होता देख उसके दो दोस्त मौके से भाग जाते हैं।

सीने और गर्दन में मारा गया चाकू

पुलिस ने इस मामले में कहा है कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि सलमान की पिछले दो सालों से लड़की से दोस्ती थी। लड़की के परिजनों को यह रिश्ता पसंद नहीं था। इसके बावजूद दोनों एक-दूसरे से दूर नहीं हुए। पुलिस ने बताया कि शाम लगभग 5.15 बजे एक कॉल पर उन्हें सूचना मिली कि जाफराबाद के चौहान बांगर में कल्याण सिनेमा के पास गली नंबर-2 में चाकूबाजी हुई है। पुलिस ने आगे कहा कि सलमान की गर्दन और सीने में चाकू मारा गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल आरोपी मंजूर औऱ उसके बेटे फरार है। उन पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश जारी है।