दिल्ली के मालवीय नगर में लड़की पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई। मालवीय नगर साउथ दिल्ली का पॉश इलाका है। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हमला अरबिंदो कॉलेज के पास एक पार्क में हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, लड़की साउथ दिल्ली के कमला नेहरू कॉलेज में पढ़ती थी। अभी जानकारी नहीं हो पाई है कि लड़की पर हमला करने वाला आरोपी कौन था। घटना स्थल पर पुलिस मौजूद है। घटना की खबर फैलते ही इलाके में दहशत फैल गई। फिलहाल शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं पुलिस ने हमले में इस्तेमाल हुआ लोहे का रॉड बरामद कर लिया है।
रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस के पास फोन आया था कि एक लड़की की हत्या हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। देखा तो लड़की खून से लथपथ पार्क में पड़ी थी। इसके बाद पुलिस जांच में जुट गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतका का नाम नरगिस है। उसकी उम्र करीब 22-23 साल है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने पूछताछ में बताया कि लड़की ने शादी से इनकार कर दिया था, जिससे गुस्से में आकर उसने हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम इरफान है। वह 28 साल का है। वह संगम विहार में रहता है।
रिपोर्ट के अनुसार, दोनों मौसेरे भाई-बहन थे। दोनों के घरवालों ने शादी तय की थी। बाद में नरगिस के घरवालों को लगा कि लड़का कमाता नहीं है। इसलिए उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया। रिश्ता टूटने के बाद नरगिस ने इरफान से बात करना बंद कर दिया था। इसके बाद इरफान परेशान रहता था। जानकारी के अनुसार, वह फूड डिलीवरी का काम करता था। नरगिस के घरवालों को उसका ये काम पसंद नहीं था।
घरवालों ने शादी से किया था मना
रिपोर्ट के अनुसार नरगिस के परिवार ने आरोपी से शादी करने से मना कर दिया था। इसके बाद नरगिस ने इरफान से बात करने से मना कर दिया था। उसने आरोपी ने दूरी बना ली थी। इस कारण इरफान परेशान था। पीड़िता के बारे में जानकारी आई है कि उसने इसी साल कमला नेहरू कॉलेज से ग्रेजुएशन पूरा किया था। वह मालवीय नगर इलाके से स्टेनो की कोचिंग कर रही थी।
स्वाति मालीवाल ने केंद्र सरकार से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बैठक करने की अपील की
इस मामले पर महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की प्रमुख स्वाति मालीवाल का कहना है कि दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्थिति अस्त-व्यस्त है। आज दो घटनाएं हुईं। डाबरी में एक महिला को गोली मार दी गई और दूसरी घटना अरबिंदो कॉलेज के पास हुई, जहां एक लड़की की लोहे की रॉड से मारकर हत्या कर दी गई। मैं केंद्र सरकार से दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बैठक बुलाने की अपील करती हूं। डीसीडब्ल्यू इन घटनाओं का संज्ञान ले रहा है और हम इसके लिए नोटिस जारी कर रहे हैं।