दिल्ली के डीटीसी बस में महिलाओं की सुरक्षा में तैनात किए गए मार्शल के साथ पुलिस द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना डीटीसी का रूट नंबर 912 की बस में शनिवार (2 नवंबर) दोपहर की हुई थी।
सड़क से बस हटाने केे लिए उतरा था मार्शल: बता दे कि इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित मार्शल परवेज ने बताया कि दोपहर के समय बस नत्थूपुरा से विष्णु गार्डन की ओर जा रही थी। नत्थूपुरा के पास रोड पर एक कार खड़ी थी। उसे हटाने के लिए बस चालक ने कई बार हॉर्न बजाई लेकिन इसके बाद भी कार नहीं हटाई गई। कुछ समय बाद मार्शल वह कार हटवाने के लिए बस से उतरा था।
Hindi News Today, 04 November 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
आरोपियों ने महिला सुरक्षाकर्मी के साथ भी की बदसलूकी : इसी बात से नाराज कार चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर मार्शल की पिटाई करने लगा। मार्शल ने खुद को बचाने के लिए भागकर जाकर बस में घुस गया लेकिन आरोपियों ने उसकी बस के अंदर घुसकर भी पिटाई की। पीड़ित ने बताया कि यदि बस में दिल्ली महिला आयोग की सुरक्षाकर्मी नहीं होती तो उसकी जान नहीं बच पाती साथ ही आरोपियों ने महिला सुरक्षाकर्मी के साथ भी बदसलूकी की।
मारपीट करने वाला आरोपी दिल्ली पुलिस में तैनात है: बस में मौजूद यात्रियों का कहना है कि मारपीट करने वाला शख्स दिल्ली पुलिस में तैनात है, जो इस घटना के समय सादे ड्रेस में था। हालांकि पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरुकर दी है।