Delhi Violence CAA Protest Shahrukh Arrested: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 27 साल के शाहरुख खान को पकड़ा तो उससे पूछताछ में कई खुलासे हुए। मंगलवार (03 मार्च, 2020) को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने शाहरुख को उत्तर प्रदेश के शामली से पकड़ा है। एडिशनल कमिशनर ऑफ पुलिस अजीत कुमार सिंगला ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि 24 फरवरी को जब दिनदहाड़े फायरिंग करते हुए शाहरुख का वीडियो वायरल हुआ तब उसके बाद वो दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में चला गया। इसी इलाके की एक पार्किंग में शाहरुख ने सो कर रात गुजारी। इसके बाद वो जालंधर गया।
वो यहां अपने कुछ दोस्तों के पास जाना चाहता था लेकिन बाद में वो उत्तर प्रदेश के बरेली में चला गया। इसके बाद वो शामली में अपने एक दोस्त के घर चला गया। पुलिस ने उसे शामली बस स्टैंड के पास से ही पकड़ा है। अब पुलिस को शक है कि उसे छिपने में कुछ और लोगों ने भी मदद की है और पुलिस को अब इन सभी की तलाश है।
पुलिस को अभी उस पिस्टल की भी तलाश है जिससे उसने फायरिंग की थी और पुलिसवाले पर ताना था। दिल्ली पुलिस ने बताया है कि शाहरुख मोजे की फैक्ट्री चलाता है। उसने एक मजदूर से यह पिस्टल खरीदी थी जो उसके फैक्ट्री में ही काम करता है। शुरुआती जांच में शाहरुख ने पुलिस को बताया है कि वो वहां प्रदर्शन करने गया था लेकिन जब वहां हिंसा होने लगी तब उसने फायरिंग की थी।
पुलिस को शाहरुख का कोई आपराधिक बैकग्राउंड नहीं मिला है। लेकिन उसके पिता के खिलाफ नारकोटिक्स डिपार्टमेंट में एक केस है और फेक करेंसी से जुड़ा एक केस भी उसके पिता पर है। पुलिस के मुताबिक शाहरुख फैक्ट्री चलाता है और TikTok वीडियो बनाने का शौक भी रखता है। उसने उस दिन 5 बार फायरिंग की कोशिश की लेकिन इसमें से सिर्फ तीन गोलियां ही चलीं।
पुलिस कमिशनर के मुताबिक शाहरुख के पास एक Esteem Car है और वो इसी से सभी जगहों पर घूम रहा था। अभी इस कार की बरामदगी नहीं हो पाई है। शाहरुख पर धारा 186, 253 और 307 के तहत केस दर्ज किया गया है। पता चला है कि शाहरुख दिल्ली से हरियाणा फिर हरियाणा से जालंधर,,,फिर जालंधर से उत्तर प्रदेश के बरेली तक गया। यूपी में ही शामली से वो पकड़ा गया। अपनी कार से ही वो 3 राज्यों के विभिन्न शहरों में घूमता रहा।
बता दें कि दिल्ली पुलिस ने शाहरुख को पकड़ने के लिए 10 टीमें बनाई थीं। इसमें स्पेशल सेल भी शामिल थी। आरोप है कि शाहरुख ने 24 फरवरी को नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के मौजपुर इलाके में पुलिसवालों के सामने खड़े होकर कई राउंड गोलियां दागी थीं।
शाहरुख ने दिल्ली पुलिस के एक जवान दीपक दाहिया के सीने पर पिस्तौल भी तान दी थी। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ था। शाहरुख इस वायरल वीडियो में दिल्ली की सड़क पर बंदूक लहराता और पुलिस वाले पर बंदूक ताने नजर आ रहा था।


