बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया में रविवार को एक महिला की लाश मिलने के बाद भारी बवाल हुआ। 32 वर्षीय महिला शोभा देवी तीन दिन से लापता थी। लोगों को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। नाराज लोगों ने पुलिस की गाड़ी समेत पांच वाहनों में आग लगा दी।

विधायक ने एसपी को हटाने की मांग की

घटना पर नाराजगी जताते हुए गोपालपुर के विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल ने एसपी के तबादले की मांग की। एसपी पूरन झा के मुताबिक रंगरा थाने में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो आरोपी सुनील ठाकुर उर्फ कारे ठाकुर और सोनू ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। इलाके में तनाव का माहौल है। गांव में काफी पुलिस बल तैनात है।

घटना के दो दिन पहले दूध बेचने गई थी

बताया जा रहा है कि मृत महिला शोभा देवी के पति मनोज मंडल का आरोप है कि शोभा दो दिन पहले कारे ठाकुर के घर दूध देने गई थी, लेकिन लौट कर नहीं आई। रविवार को कैलाश मिश्र के बासा पर उसकी लाश मिली। उसके शरीर पर कई जगह जख्म के दाग मिले है। घटना से परिजनों और ग्रामीणों में काफी आक्रोश है।

घटना की जानकारी अन्य लोगों को मिली तो वे भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ काफी आक्रोश है। उन्होंने पुलिस पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों ने भगा दिया। नाराज लोगों ने दक्षिणबाड़ी टोला में पुलिस वाहनों में आग लगा दी। हालात बिगड़ता देख मौके पर पुलिस बल के साथ डीएसपी ओमप्रकाश और एसडीओ उत्तम कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की।

एसपी पूरन झा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। पुलिस फायरिंग की बात अभी तक सामने नहीं आई है। थाना स्तर पर किसी की ढिलाई या लापरवाही की बात सामने आई तो फौरन कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हमलवारों की पहचान में जुटी है।