मध्य प्रदेश के विदिशा से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां छेड़छाड़ से तंग आकर एक बेटी ने अपनी जान दे दी। पिता उसे न्याय दिलाने के दर-दर भटकते रहे मगर वे कामयाब नहीं हो सके। उन्होंने बेटी को न्याय दिलाने की पूरी कोशिश की फिर भी आरोपी जेल से रिहा हो गया। इसके बाद पिता ने भी खुदकुशी कर ली। घटना के बाद राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने शनिवार को जांच के आदेश दिए। दरअसल, मध्य प्रदेश के विदिशा में अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ के कारण कथित तौर पर आत्महत्या करने के दो महीने बाद पिता ने भी अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
असल में छेड़छाड़ केस में जेल में बंद एक आरोपी को जेल से रिहा कर दिया गया था। इस बात से पिता को बहुत दुख पहुंचा था। उन्हें लगा कि वे अपनी बेटी को न्याय दिलाने में असफल हो गए। इसके बाद ही उन्होंने अपनी जान दे दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पीड़िता के साथ छह लोगों ने की थी छेड़खानी
विदिशा कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी आशुतोष सिंह ने कहा कि छह लोगों पर पीड़िता के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा था। जिसके बाद 25 मई को लड़की ने अपनी जान दे दी थी। इस मामले मेंनटेरन पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई थी। एक आरोपी को गिरफ्तार किया था, जिसकी पहचान सुदीप धाकड़ के रूप में हुई है। हालांकि उसे हाल ही में जेल से रिहा कर दिया गया।
अधिकारी ने आगे कहा कि गुरुवार को पीड़िता के पिता ने आत्महत्या कर ली।जिसके बाद विदिशा कोतवाली पुलिस स्टेशन में छह लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया। वहीं गृह मंत्री मिश्रा ने कहा कि जब लड़की ने छेड़छाड़ की शिकायत की थी तो भारतीय दंड संहिता की धारा 354 (किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) के तहत मामला दर्ज किया गया था और समन जारी किया गया था।
तीन दिन में रिपोर्ट सौपेंगे अधिकारी
मिश्रा ने आगे कहा कि बाद में जब लड़की ने अपनी जान दे दी तो आईपीसी की धारा 306 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया और सुदीप धाकड़ को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि आरोपी के जेल से छूटने के बाद लड़की के पिता ने अपनी जान दे दी। इस मामले में पुलिस उप महानिरीक्षक रैंक के एक अधिकारी घटना की जांच करेंगे और तीन दिनों में रिपोर्ट सौंपेगे। इस रिपोर्ट के अनुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने बताया कि पिता की मौत के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और नटेरन पुलिस थाना प्रभारी और हेड कांस्टेबल को फील्ड ड्यूटी से हटा दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।