‘ठंड और खांसी की शिकायत करने पर पिता ने नींद की गोलियां देकर रेप किया।’ बेंगलुरु में एक लड़की ने अपने 40 साल के पिता पर यह गंभीर आरोप लगाए हैं। इतना ही नहीं लड़की ने अपनी सौतेली मां पर भी आरोप लगाते हुए कहा है कि जब उसने इस बात की शिकायत उनसे की तो उन्होंने इसे अनसुना कर दिया। घटना के बाद लड़की ने अपनी जान लेने की कोशिश भी की है।

लड़की ने पी लिया केमिकल: ‘Times Now’ की रिपोर्ट के मुताबिक 19 साल की इस लड़की ने केमिकल पीकर अपनी जान देने की कोशिश की। यह लड़की केमिकल पीकर खुद थाने पहुंच गई और उसने अपनी आपबीती पुलिस वालों को बताई। हालांकि लड़की थोड़ी देर बाद थाने में ही बेहोश होकर गिर पड़ी। जिसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पिता ने किया दुष्कर्म: लड़की ने पुलिस को बताया कि उसे ठंड लग रही थी और खांसी भी थी। 23 जून की रात उसने अपने पिता को यह बात बताई थी। लड़की के मुताबिक उसके पिता ने उसे दवा के बदले नींद की गोलियां दे दी। लड़की का कहना है कि अगली सुबह नींद खुलने पर उसे अपने साथ हुई ज्यादती का पता चला।

मां ने कुछ नहीं किया: लड़की ने बताया कि अगले दिन उसने अपने साथ हुई इस घटना के बारे में अपनी सौतेली मां को बताया। लड़की के मुताबिक इस जघन्य अपराध को जानने के बाद भी उसकी मां ने अनसुना कर दिया और कुछ भी नहीं किया।

पुलिस ने आरोपी पिता को पकड़ा: इंसाफ नहीं मिलता देख लड़की ने ट्वायलेट क्लीनर पीकर अपनी जान देने की कोशिश की। यह केमिकल पीकर वो सीधे थाने पहुंच गई और बेहोश होने से पहले उसने अपनी बात पुलिस को बताई।

फिलहाल इस मामले में पुलिस ने लड़की की शिकायत के आधार पर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में उसकी सौतेली मां की संलिप्ता की अभी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि लड़की का अभी इलाज चल रहा है और उसके ठीक होने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।