Dabri news: दिल्ली में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला डाबरी इलाके की है। यहां एक 42 साल की महिला के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले के समय मृतका घर के बाहर थीं। गोली लगते ही महिला को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी की पहचान 23 साल के आशीष के रूप में हुई है। महिला की हत्या करने के बाद आरोपी वहां से भाग गया और अपनी छत पर जाकर खुद को भी गोली मार ली। मौके पर उसकी भी मौत हो गई। वहीं गोली चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। आस-पास के लोग घबरा गए थे। बताया जा रहा है कि महिला के पति बिल्डर का काम करते हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बाद एक पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची थी। वह अपने माता-पिता के साथ रहता था। पुलिस ने देखा तो आरोपी छत पर मृत अवस्था में पड़ा था। उसने देशी पिस्तौल से गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी आशीष और मृतका रेनू कथित तौर पर एक-दूसरे को जानते थे क्योंकि कुछ साल पहले वे एक ही जिम में जाते थे। वहीं पर दोनों में दोस्ती हुई थी।

जानकारी के अनुसार, रेनू एक हाउसवाइफ थी। रेनू के पति और तीन बच्चे उसकी मौत से सदमे में हैं। पुलिस की जांच में पता चला है कि दोनों के बीच दोस्ती थी। फिलहाल दोनों के मोबाइल की जांच करने के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा कि आखिर आरोपी ने रेनू की हत्या क्यों की?

पुलिस ने कहा दुश्मनी का मामला

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमलावर पैदल आया था। उसने महिला को नजदीक से गोली मारी थी। इस मामले में द्वारका के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने कहा कि प्रथम दृष्टया हत्या का कारण दुश्मनी लगती है, लेकिन पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।

आरोपी ने भी किया सुसाइड

डीसीपी ने आगे कहा, “सुबह लगभग 9:45 बजे डाबरी पुलिस स्टेशन में हत्या की सूचना मिली। हमने देखा कि लगभग 42 साल की महिला को उनके घर के बाहर गोली मारी गई थी। इसके बाद मौके से भागे आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गईं थीं। हालांकि उसने भी आत्महत्या कर ली थी। आरोपी की पहचान सीसीटीवी के माध्यम से की गई थी। लोगों से आरोपी के बारे में पूछताछ की गई थी। फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है।