जहां पिछले कुछ सालों में देश में डिजिटल व ऑनलाइन बैंकिंग का चलन तेजी से बढ़ा है तो वहीं प्रतिदिन साइबर क्राइम से जुड़ी घटनाएं भी बढ़ी हैं। हालांकि, जब भी हमारे साथ कुछ ऐसा होता है तो जानकारी की कमी के चलते हम तुरंत धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज नहीं करा पाते हैं। ऐसे में आज आपको कुछ तरीके बताएंगे जिनसे आप मिनटों में अपनी शिकायत दर्ज करा पाएंगे। जिसमें गृह मंत्रालय द्वारा जारी किया गया एक हेल्पलाइन नंबर भी शामिल है।

यह है हेल्पलाइन नंबर: देश में बढ़ते साइबर अपराध से बचाने व जनता के हितों की रक्षा के लिए देश के गृह मंत्रालय ने कुछ समय पहले एक हेल्पलाइन नंबर 155260 जारी किया था। ऐसे में यदि किसी भी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन फ्रॉड होता है तो वह तुरंत इस नंबर पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है, ताकि साइबर सेल जल्दी से मामले में एक्शन ले सके।

इन राज्यों में 24 घंटे सेवा: देश के गृह मंत्रालय द्वारा जारी यह हेल्पलाइन नंबर यूपी, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और असम जैसे राज्यों के लिए 24 घंटे सेवा में उपलब्ध है। वहीं बाकी राज्यों में यह सेवा सुबह 10 से शाम 6 बजे के बीच उपयोग में रहती है। ऐसे में व्यक्ति राज्यवार अपनी शिकायत आसानी से कर सकते हैं।

साइबर पोर्टल भी है मौजूद: यदि कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होता है तो वह हेल्पलाइन नंबर के अलावा गृह मंत्रालय के साइबर पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके लिए उसे आधिकारिक पोर्टल (https://cybercrime.gov.in/) पर विजिट करना होगा। साथ ही इस पोर्टल पर हेल्पलाइन नंबर के अलावा अन्य सेवाएं भी उपलब्ध हैं।

ऐसे करें शिकायत: ऑनलाइन ठगी का शिकार कोई भी व्यक्ति हेल्पलाइन नंबर 155260 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकता है। यहां व्यक्ति से घटना से जुड़ी कुछ सामान्य सी जानकारी लेकर कार्रवाई की जाती है। इसके अलावा यदि आप साइबर पोर्टल पर जाते हैं तो वहां राज्यवार नोडल अधिकारियों के कॉन्टैक्ट नंबर भी मिल जाएंगे। जिनसे आप संपर्क कर जल्द से जल्द मामले में मदद ले पाएंगे।

बता दें कि, देश में डिजिटलाइजेशन के दौर में साइबर ठग नए-नए तरीकों से अपराध को अंजाम देने लगे हैं। ऐसे में खुद को ठगी से बचाने के लिए सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन्स का पालन करें। साथ ही किसी भी अनजान व्यक्ति या अनाधिकारिक मैसेज/लिंक्स पर अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें।