Jharkhand Crime News: झारखंड के लातेहार जिले में जमीन को लेकर लड़ाई में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी लेनिनवादी) की जिला समिति के एक सदस्य की कथित रूप से हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि शुरुआती जांच में भूमि विवाद का मामला सामने आ रहा है, लेकिन जल्द ही असली वजह सामने आ सकती है।
रांची से 130 किलोमीटर दूर हत्याकांड, रिश्तेदारों पर ही शक
पुलिस ने बताया कि झारखंड की राजधानी रांची से लगभग 130 किलोमीटर दूर जालिमा गांव में एक प्लॉट को लेकर 45 साल के नंददेव सिंह की कथित तौर पर उनके रिश्तेदारों ने हत्या कर दी। मनिका थाने के प्रभारी भान प्रताप ने कहा, ‘‘घटना रविवार को हुई। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’
भाकपा (माले) ने पुलिस से की आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
भाकपा (माले) के सदस्य अजय यादव ने कहा कि नंददेव पार्टी की जिला समिति के सदस्य थे। उन्होंने कहा, ‘‘हम पुलिस वालों से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हैं। ऐसा नहीं होने पर पार्टी प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएगी।’’
झारखंड में वायरल वीडियो में गुस्साई भीड़ के साथ दिखे थे भाजपा नेता
इससे पहले 8 अगस्त को सोशल मीडिया पर वायरल झारखंड के एक वीडियो में भाजपा के पूर्व विधायक और उनके साथ जुटी भीड़ एक शख्स को पीटते, उससे माफी मंगवाते और थूक चटाते दिख रहे थे। वायरल वीडियो पर लोग नाराज थे और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। वहीं, भाजपा नेता ने वीडियो के संबंध में सवाल पूछने पर कहा कि वीडियो सही है, मैं भी हूं और भीड़ भी सही है।
उन्होंने कहा कि वीडियो में दिख रहा आरोपी लड़का छिपकर महिलाओं, बच्चियों और लड़कियों के गंदे वीडियो बना लेता था और उन्हें ब्लैकमेल करने की कोशिश करता था। उसे रंगे हाथ पकड़कर कुछ ग्रामीण मेरे पास लाए थे। लोगों के कहने पर वहां पंचायत की गई थी।