Coronavirus, India Lockdown, Gangrape In Rajasthan: लॉकडाउन के बीच अब राजस्थान में 40 साल की एक महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है। यह महिला लॉकडाउन में फंस गई थीं और मजबूरी वश एक स्कूल में रह रही थीं। स्कूल के अंदर ही महिला के साथ 3 लोगों ने दुष्कर्म किया। घटना के बारे में मिली विस्तृत जानकारी के मुताबिक महिला जयपुर की रहने वाली हैं। सवाई माधोपुर जिले में 23-24 अप्रैल की रात महिला के साथ तीन लोगों ने इस घिनौनी घटना को अंजाम दिया।
महिला ने थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए बताया है कि वो दौंसा जेल में बंद अपने बेटे से मिलने के लिए गई हुई थीं। बता दें कि महिला का बेटा गैंगरेप के एक केस में पॉक्सो एक्ट के तहत जेल की सजा काट रहा है। जयपुर में यह केस साल 2015 में किया गया था। इस केस में यह महिला भी आरोपी थीं जो साल 2019 में बरी हो चुकी हैं। बेटे से जेल में मुलाकात के बाद लॉकडाउन हो जाने की वजह से वो सवाई माधोपुर में करीब एक महीने से फंसी हुई थीं।
कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरे को देखते हुए जेल में बंद महिला के बेटे को जयपुर से दौसा शिफ्ट किया गया था। 23 अप्रैल को यह महिला यहां के एक गांव में पहुंची थीं। महिला के बारे में सूचना मिलने पर एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने अपनी वरीय कर्मचारी को इसकी सूचना दी थी। महिला की स्थिति को देखते हुए गांव के लोगों और पुलिस कॉन्स्टेबल की सहमति पर यह फैसला लिया गया कि महिला रात को एक स्कूल में रात गुजारने की इजाजत दे दी जाए। इस फैसले के बाद जब स्कूल के शिक्षक अपने घर चले गए तब तीन लोगों ने महिला के साथ बलात्कार किया।
इस महिला में यहां के एक वरीय अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच-पड़ताल के बाद हेड कॉन्स्टेबल लाल चंद को लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड किया गया है। उन्होंने कहा कि महिला के साथ स्कूल में एक अन्य लेडी क़ॉनस्टेबल को भी उनकी सुरक्षा के लिए तैनात नहीं करना कॉन्स्टेबल की लापरवाही मानी गई है।
इस मामले में यहां के उप पुलिस अधीक्षक पार्थ शर्मा ने कहा कि महिला की सुरक्षा की जिम्मेदारी कुछ जिम्मेदार लोगों पर थी। लेकिन उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर तीन लोगों ने उसके साथ यह घृणित काम किया है। इस मामले में महिला ने अगले दिन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जिसके आधार पर FIR दर्ज कर तीनों आऱोपियों को पकड़ लिया गया है।
बताया जा रहा है कि महिला के बारे में ब्लॉक लेवल के अधिकारियों के अलावा स्थानीय पुलिस को भी जानकारी थी। यहां के जिलाधिकारी नानू मल पहाड़िया ने जांच के आदेश भी दिये हैं।
