Coronavirus, (COVID-19): कोरोना संकट से परेशान होकर पुणे से लेकर अहमदाबाद में छह बच्चों समेत 10 लोगों के दो परिवार ने खुदकुशी कर ली। महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक दंपत्ति ने अपने दो बच्चों की कथित तौर पर हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। पुणे पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार (19-06-2020) को बताया कि परिवार के चार सदस्य बृहस्पतिवार देर रात सुखसागर नगर में स्थित अपने घर में छत से लटकते हुए मिले। उन्होंने बताया कि पुलिस को संदेह है कि 33 वर्षीय अतुल शिंदे और उसकी पत्नी 32 वर्षीय जया ने अपने छह वर्षीय बेटे ऋग्वेद और तीन वर्षीय बेटी अंतरा की कथित तौर पर हत्या कर दी और फिर दोनों ने आत्महत्या कर ली।
अधिकारी ने बताया कि शिंदे स्कूलों के लिए पहचान पत्र बनाने का कारोबार करता था और ऐसा प्रतीत होता है कि कोविड-19 महामारी की वजह से कारोबार पर बुरा असर पड़ने के कारण परिवार वित्तीय संकटों का सामना कर रहा था। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को रिश्तेदारों और दोस्तों ने कई बार उन्हें फोन किया, लेकिन जब बात नहीं हो पाई तो उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। आगे की जांच जारी है।
इधर अहमदाबाद के विंजोल इलाके में कथित तौर से चार बच्चों की हत्या के बाद दो भाइयों ने आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह सभी की लाश एक फ्लैट में मिली। सुसाइड का कारण पता नहीं चल सका है। फिलहाल, आर्थिक तंगी को वजह माना जा रहा है। भाइयों का नाम गौरांग पटेल और अमरीश पटेल था।
उनके बच्चों के नाम मयूर, किर्त, ध्रुव और सानवी थे। बच्चों की उम्र 7 से 12 साल के बीच थी। दोनों भाई कपडे़ की दुकान में नौकरी करते थे। दोनों भाइयों ने 6 महीने पहले एक फ्लैट खरीदा था, लेकिन अभी शिफ्ट नहीं हुए थे।
दोनों अलग-अलग जगह किराए के मकान में रहते थे। 17 जून को दोनों भाई घूमने जाने की बात कहकर बच्चों को इस फ्लैट में लेकर लाए, जहां से सभी के शव बरामद हुए। घटना के दौरान दोनों भाइयों की पत्नियां घर पर थीं।

