Coronavirus, (COVID-19) Pregnant Elephant and Cow Now Jackle Killed Bomb Exploded In The Mouth: हथिनी और गाय को विस्फोटक खिलाने के बाद अब एक और जानवर को विस्फोटक खिलाकर उसकी जान ले ली गई है। तमिलनाडु के त्रिची के जियापुरम में एक सियार की हत्या विस्फोटक खिला कर कर दी गई। न्यूज एजेंसी ‘IANS’ से बातचीत करते हुए एक वन अधिकारी ने कहा है कि ‘कुछ लोगों का झुंड गांव में Honey निकालने के लिए गया हुआ था। लौटते वक्त उनकी नजर इस सियार पर पड़ी। इन लोगों ने सियार के दांत और मांस के लिए उसकी हत्या करने की योजना बनाई।
इनलोगों ने मांस के टुकड़े में विस्फोटक मिला कर कुछ जगहों पर बिखेर दिया। थोड़ी ही देर बाद सियार ने मांस के टुकड़े को जैसे ही खाया उसके मुंह के अंदर धमाका हो गया। विस्फोट होने से सियार की वहीं मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह सभी लोग Narikuravars समुदाय के बताए जा रहे हैं। आपको बता दें कि यह एक आदिवासी समुदाय है और ये अक्सर शिकार करने में संलिप्त होते हैं। बताया जा रहा है कि सियार को मारने के लिए इनलोगों ने देसी बम का इस्तेमाल किया है।
यहां के उप पुलिस अधीक्षक सी.कोकिला ने ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ से बातचीत करते हुए जानकारी दी है कि सोमवार को यहां के एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने मुकुदी गांव के पास इन सभी लोगों को एक चाय की दुकान पर देखा। इन लोगों के पास सियार का शव भी पड़ा था। कॉन्स्टेबल ने इन लोगों को उसी वक्त पकड़ लिया और फिर थाने लेकर आ गए। फिलहाल इन सभी को पकड़ने के बाद पुलिस ने उन्हें त्रिची वन विभाग के हवाले कर दिया है।
सियार को देश में श्रेणी-1 का जानवर माना जाता है। वन्य जीव सुरक्षा अधिनियम, 1972 के तहत सियार को सुरक्षित किया गया है तथा उसका शिकार करना अपराध की श्रेणी में आता है।
गर्भवती हथिनी के मुंह के अंदर हुआ था विस्फोट: आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों के दौरान देश में अलग-अलग जानवरों के साथ क्रूरता किये जाने के कई मामले सामने आए हैं। केरल के मल्लपुरम में एक गर्भवती हथिनी को अनानास में विस्फोटक मिला कर खिला दिया गया था। दो दिनों तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद हथिनी की मौत हो गई थी।
गर्भवती गाय को खिलाया विस्फोटक: इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में एक गर्भवती गाय को भी विस्फोटक मिला चारा दे दिया गया था।मुंह में विस्फोट होने की वजह से गाय का ऊपरी औऱ निचला जबड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इन दोनों घटनाओं में कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी हुई थी। कई लोगों ने जानवरों के साथ ऐसी बर्बरता किये जाने की निंदा की है।
तेंदुए की पीट कर ली जान: असम के गुवाहाटी में भीड़ ने एक तेंदुए को पीट-पीट कर मार डाला था। इतना ही नहीं मरने के बाद भी तेंदुए के साथ बर्बरता की गई थी। भीड़ ने तेंदुए के नाखुन और दांत उखाड़ लिये थे। तेंदुए को बेदर्द मौत देने का एक वीडियो भी वायरल हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को पकड़ा भी था।

