India Lockdown, Coronavirus, (Covid- 19): देश में लॉकडाउन की वजह से कई लोग अपने गृहराज्य की तरफ पलायन कर रहे हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में पलायन करने वाले लोगों की सूची बना रहे शख्स पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। ‘दैनिक भास्कर’ की रिपोर्ट के मुताबिक कुर्रा थाना क्षेत्र के अल्लीपुर गांव में इस घटना को अंजाम दिया गया।
दरअसल इस गांव के रोजगार सेवक विनय यादव को वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्देश दिया था कि वो उन सभी लोगों की एक सूची तैयार करें जो लॉकडाउन के बीच गैर राज्यों से पलायन कर यहां आए हैं। निर्देश मिलने के बाद यह युवक गांव में ऐसे लोगों की सूची तैयार करने में जुटा था।
इधर रोजगार सेवक द्वारा सूची तैयार किये जाने की खबर यहां रहने वाले एक शख्स शैलेंद्र के बेटे कमलेश को मिली तो वो नाराज हो गया। बताया जा रहा है कि कमलेश यहां का एक दबंग युवक है।
नाराज कमलेश अपने कुछ साथियों के साथ बुधवार (1 अप्रैल, 2020) की सुबह विनय यादव के घर आ धमका। रोजगार सेवक के घर में घुस कर वो उनसे गाली-गलौज करने लगा।
इस दौरान दोनों के बीच तीखी बहसबाजी शुरू हो गई। नाराज शैलेंद्र ने अचानक विनय यादव को टारगेट कर उनके घर में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। किसी तरह विनय यादव ने फायरिंग से खुद को बचाया। लेकिन फायरिंग के दौरान उनकी 30 साल की भाभी को गोली लग गई।
इस घटना में विनय यादव की भाभी की मौत हो गई। इधर गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर आसपास के लोग भी चौंक गए। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि इस बीच मौके का फायदा उठाकर कमलेश अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। इस मामले में अब थाने में केस भी दर्ज कराया गया है। पुलिस का कहना है कि वो फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्दी ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आपको बता दें कि लॉकडाउन के बाद से कई लोग अलग-अलग राज्यों से निकलकर अपने गृहजिले में लौट रहे हैं। दरअसल बाहर काम करने वाले लोगों के बीच रोजी-रोटी की समस्या खड़ी हो गई है जिसकी वजह से वो अब अपने घर लौटने को मजबूर हो गए हैं।
