Coronavirus (COVID-19), Bihar Lockdown: बिहार में कोरोना संक्रमण ने बेहद तेजी से पांव पसारा है। संक्रमण के श्रृंखला को तोड़ने के लिए राज्य में संपूर्ण लॉकडाउन का ऐलान किया गया है। यह लॉकडाउन 31 जुलाई तक लागू है। इस लॉकडाउन के बीच राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अब इस मामले में केस भी दर्ज किया गया है।
नालंदा जिले में आयोजित कार्यक्रम का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि कई लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। स्टेज पर कुछ महिलाएं भी नजर आ रही हैं। इस वीडियो में नजर आ रहा है कि एक आदमी हाथ में तमंचा लेकर स्टेज पर डांस कर रहा है। कई अन्य लोग भी इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में मंच पर डांस करते हुए नजर आ रहे हैं।
इस वीडियो में नजर आ रहा है कि कई लोग वहां जश्न मना रहे हैं। यहां ना तो लॉकडाउन का पालन किया जा रहा है और ना ही मास्क पहनने जैसे जरुरी नियमों का। काफी देर तक यह कार्यक्रम यहां चलता रहा और बड़ी हैरानी की बात है कि पुलिस इसे रोकने भी नहीं आई। वीडियो में तेज गानों का शोर और उन गानों पर झूमते-नाचते लोगों को देखा जा सकता है।
इस मामले को लेकर नालंदा के डीएसपी ने कहा कि लॉकडाउन के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराने को लेकर जो वीडियो वायरल हुआ है। उसके आधार पर 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।
बिहार में इस वक्त कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 27 हजार के पास पहुंच चुकी है। बताया जा रहा है कि यह सांस्कृतिक कार्यक्रम भागन बीघा के एक गांव बोकना में आय़ोजित किया गया था।
डीएसपी, (लॉ एंड ऑर्डर) संजय कुमार ने साफ किया है अभी सभी आरोपी फरार हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस वीडियो के सामने आने के बाद राज्य में लॉकडाउन का पालन किस तरह किया जा रहा है? इस बात की भी पोल खुल गई है। बता दें कि पहले से ही राज्य में कोरोना संक्रमण की टेस्टिंग औऱ इसके इलाज को लेकर चिकित्सीय व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

