Coronavirus, (COVID-19) Leopard Beaten To Death Teeth and Nails Removed In Guwahati: गर्भवती हथिनी के साथ क्रूरता बरते जाने के बाद अब गुवाहाटी में भी जानवर से बर्बरता की गई है। गोरचुक के काठाबारी इलाके में कुछ लोगों ने एक तेंदुए को पीट-पीट कर मार डाला। लेकिन लोगों की हैवानियत यही खत्म नहीं हुई। लोगों ने मरने के बाद इस तेंदुए के दांत औऱ नाखून भी उखाड़ लिये। जानवर के साथ बर्बरता किये जाने की एक तस्वीर भी सामने आई है। इस तस्वीर में कुछ लोगों ने हत्या के बाद तेंदुए को उल्टा लटका कर पकड़ा है।

तस्वीर सामने आने के बाद यहां प्रशासन हरकत में आ गया है। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में गोरचुक पुलिस थाने में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि इस घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी की भी कोशिश की जा रही है।

पुलिस को अंदेशा है कि यह तेंदुआ कई दिनों से भूखा था औऱ कमजोर हो चुका था। स्थानीय लोगों ने जाल बिछाकर इस तेंदुए को पकड़ा और फिर उसके साथ अमानवीय सलूक किया। तेंदुए के साथ हैवानियत का एक वीडियो क्लिप भी बनाया गया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो को देखने के बाद कई लोगों ने इस घटना की निंदा की है और सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।

आपको बता दें कि हाल के दिनों में देश के अलग-अलग राज्यों से जानवरों के साथ क्रूरता किये जाने का मामला सामने आया है। इससे पहले हिमाचल प्रदेश में एक गर्भवती गाय को विस्फोटक मिला खाना खिला दिया गया था। मुंह में धमाका होने की वजह से गाय के ऊपरी और निचले जबड़े की हड्डियां टूट गई थीं। हालांकि बाद में गाय ने स्वस्थ बछड़े को जन्म दिया था लेकिन गाय का इलाज अभी भी चल रहा है।

इसके अलावा केरल में एक गर्भवती हथिनी के साथ भी कुछ लोगों ने ऐसा किया। हथिनी को विस्फोटक से भरा अनानास खिला दिया गया था। हथिनी के मुंह में ब्लास्ट हुआ था और वो दो दिनों तक जिंदगी और मौत से लड़ती रही। बाद में हथिनी की मौत हो गई थी। इन दोनों ही मामलों में पुलिस ने केस दर्ज किया है। एक-एक लोगों की गिरफ्तारी भी इन दोनों मामलों में हुई है।