छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में हैदराबाद गैंगरेप जैसा कांड होने का अंदेशा जताया जा रहा है। दरअसल, बलरामपुर में पुलिस को एक महिला की अधजली लाश मिली है। आशंका है कि रेप के बाद महिला की हत्या की गई और लाश को जला दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
चरवाहे ने दी थी मामले की जानकारी: पुलिस के मुताबिक, एक चरवाहे ने राजपुर पुलिस थानाक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोपालपुर मुर्का बांध के पास जंगलों में डेडबॉडी देखी थी। इसके बाद उसने मामले की जानकारी पुलिस को दी। बलरामपुर के एसपी ने खुद मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। महिला की उम्र 20-30 साल के बीच मानी जा रही है।
Hindi News Today, 03 December 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही पुलिस: पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मौत 2-3 दिन पहले होने का अनुमान लगाया जा रहा है। शक है कि पहले महिला का रेप किया गया। उसके बाद हत्या करके लाश को जला दिया गया। फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मौके से एक बैग मिला है, जिसमें शराब व खाने-पीने का सामान है। मौत की वजह व टाइम के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
हैदराबाद में हाइवे पर हुई थी हैवानियत: गौरतलब है कि हैदराबाद में 27 नवंबर की रात एक महिला डॉक्टर अपने क्लिनिक से घर लौट रही थी। महिला ने मामले की जानकारी पुलिस को दी तो उसने कैब से घर आने की सलाह दी। इसके बाद महिला डॉक्टर का फोन स्विच्ड ऑफ हो गया। जब वह घर नहीं पहुंची तो मामले की शिकायत पुलिस से की गई। इसके बाद महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ था। इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिन्होंने जानबूझकर डॉक्टर की स्कूटी पंक्चर की थी। बाद में मदद के बहाने उसे किडनैप कर लिया और गैंगरेप किया था।

