दिल्ली से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक 26 साल के लड़के को डेटिंग ऐप पर मिली लड़की को कैफे डेट पर ले जाना भारी पड़ गया। जब लड़के ने बिल देखा तो उसके होश उड़ गए क्योंकि उसे खाने के बदले 2600 रुपये भरने थे। उसे अंदाजा नहीं था कि इतना बिल आ जाएगा। उसने बिल चेक किया। उसे लगा कि पक्का बिल में कोई गड़बड़ी है। इसके बाद उसकी कैफे के कर्मचारियों से बहस हो गई। बात इतनी बढ़ी कि कैफे मैनेजर ने अपने बाउंसर को बुला लिया। आरोप है कि बाउंसर लड़के को सुनसान जगह पर ले गया औऱ वहां उसका यौन उत्पीड़न कर वीडियो बना लिया। इतना ही नहीं बाउंसर ने लड़के के साथ मारपीट के बाद उसका मोबाइल फोन और कार की चाबी छीन ली। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

आरोप है कि पूर्वी दिल्ली में एक कैफे के बाहर बाउंसर्स ने 26 साल एक लड़के को पीटा और उसका यौन उत्पीड़न किया। उन्होंने पीड़ित के साथ लूटपाट भी की। इस मामले में पुलिस ने कहा कि झगड़ा खाने के बिल को लेकर शुरू हुआ। कथित तौर पर आरोपी पीड़ित लड़के को एक सुनसान जगह पर ले गया और उसका यौन उत्पीड़न किया। उसने इसका वीडियो भी बनाया और वायरल करने की धमकी दी। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि बाउंसर ने उसे ब्लैकमेल किया और एक कॉलेज के बाहर ले जाकर छोड़ दिया।

27 जुलाई की है घटना

दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह घटना 27 जुलाई को हुई थी। उन्हें हेडगेवार अस्पताल से एक फोन आया था कि एक लड़का घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था। वह बयान दर्ज कराने में असमर्थ था। पीड़ित कॉरपोरेट गिफ्टिंग मार्केट में काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वह एक महिला के साथ डेट पर गया था। महिला से उसकी मुलाकात डेटिंग ऐप पर हुई थी। इस मामले में पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि दोनों एक मेट्रो स्टेशन पर मिले। इसके बाद महिला ने उसे एक कैफे में जाने के लिए कहा। जब खाने का बिल आया को पीड़ित ने उसे लेकर बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते कैफे में झगड़ा होने लगा। खाने का बिल करीब 2600 रुपये था। इसके बाद मैनेजर ने बाउंसर्स को बुलाया। उन्होंने लड़के की पिटाई की।

सुनसान जगह पर ले जाकर किया उत्पीड़न

पीड़ित ने डॉक्टर्स और पुलिस की मौजूदगी में बयान दर्ज कराया। उसने आरोप लगाया कि कैफे में लड़ाई के बाद आरोपी उसे एक सुनसान जगह पर ले गए और उसका यौन उत्पीड़न किया। उन्होंने इसका वीडियो भी शूट कर लिया। पीड़ित के अमुसार, उन्होंने उससे जबरन वसूली करने की कोशिश की और कहा कि अगर उसने किसी को कुछ भी बताया को वीडियो लीक कर देंगे। पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने लड़के से उसका मोबाइल, आठ हजार रुपये और कार की चाबी भी छीन ली। बाद में उन्होंने लड़के को कॉलेज के बाहर ले जाकर छोड़ दिया फिर कार की चाबी और मोबाइल लौटा दिया।

लड़की से भी पूछताछ जारी

इस मामले में एक अधिकारी ने कहा कि हमने पीड़ित का मेडिकल जांच करवाई है। जांच के आधार पर हमने कैफे मालिक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने उस महिला से भी पूछताछ की जिसके साथ पीड़ित लड़का बाहर गया था। हो सकता है कि इस हादसे में लड़की का हाथ हो। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल भी जब्त कर लिए हैं। वे पीड़ित लड़के की आपत्तिजन वीडियो की तलाश कर रहे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई का जाएगी।