BJP Former Presdient Shot Dead In Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले अभी पस्त नहीं हुए हैं। अब बागपत जिले में मंगलवार (11-08-2020) की अहले सुबह अपराधियों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि संजय खोखर मॉर्निंग वॉक के लिए गए थे इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। अभी तक जो जानकारी सामने आ पाई है उसके मुताबिक यह घटना बागपत जिले के छपरौली थाना इलाके के तिलवाड़ा रोड पर हुई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट मांगी है।
संजय खोखर के बारे में बताया जा रहा है कि वो आरएसएस के कार्यकर्ता भी थे। संजय खोखर ककोर कला गांव के जूनियर हाईस्कूल में पढ़ाते थे। संजय खोखर के बारे में यह भी बताया जाता है कि वो केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान और प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा के अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के भी वो करीबी थे।
खोखर को घऱ से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गोली मारी गई है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति नाराजगी भी है। लोग जल्द से जल्द कातिलों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं और कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं। इधर सूचना मिलते ही एएसपी अनित कुमार और सीओ आलोक कुमार मौके पर पहुंचे। संजय खोखर साल 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के जिला अध्यक्ष थे।
यह पहली दफा नहीं है जब बागपत में बदमाशों ने किसी नेता को निशाना बनाया हो. इससे पहले बागपत में जून में ही एक बीजेपी नेता के बेटे की फायरिंग में मौत हो गई थी। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक संजय खोखर के सीने में 4 गोलियां मारी गई हैं।
https://www.youtube.com/watch?v=Pq5ZhDU4J1M
बताया जा रहा है कि 3-4 की संख्या में आए बदमाशों ने इस कत्ल को अंजाम दिया है। पुलिस इस मामले की अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। मृतक बीजेपी नेता के परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। कहा जा रहा है कि संजय खोखर अपने इलाके में काफी लोकप्रिय थें।

