चेन्नई में बिरयानी को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद तीन लोगों ने मिलकर भरे बाजार बीच सड़क पर एक शख्स की दरांती से हमला कर हत्या कर दी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि तीन लोग मिलकर एक शख्स पर धारदार हथियार से हमला कर रहे हैं। आस-पास गाड़ियों में लोग जा रहे हैं। एक शख्स स्कूटर पर जा रहा है। पास में एक ई रिक्शावाला खड़ा है। दूसरे साइड पर काफी गाड़ियां लगातार जा रही हैं मगर किसी ने भी पीड़ित की मदद नहीं की। आरोपी उस पर लगातार हमला करते रहे। पीड़ित अपना बचाव नहीं कर सका। आस-पास उसके दोस्त भी नजर नहीं आए।
दोस्तों के साथ डिनर पर गया था पीड़ित
वीडियो में आगे देखा जा सकता है कि आरोपी शख्स पर दरांती से हमला कर रहा है। वह थोड़ी देर बाद वहां से आगे जाता है फिर वापस आकर शख्स पर दोबारा हमला करता है। पुलिस ने पीड़ित की पहचान 22 साल के बालाजी के रूप में की है। दरअसल, बालाजी पर हमला शनिवार रात मन्नूरपेट इलाके में हुई। जब घटना हुई तो लोग सड़क पर लगातार गाड़ियां चल रही थीं। जानकारी के अनुसार, मृतक अपने दोस्तों के साथ रात को खाना खाने के लिए गया था।
किसी ने नहीं की मदद
जानकारी के अनुसार, पीड़ित चेन्नई की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। शनिवार रात उसका दोस्तों के साथ बाहर डिनर का प्लान था। वह अपने दोस्तों के साथ बिरयानी खरीद रहा था। तभी वहां नशे में धुत तीन लोग पहुंचे। वे उससे झगड़ रहे थे। उन्होंने भी बिरयानी ऑर्डर की थी। अब हुआ यूं कि दुकानदार ने बिरयानी बालाजी को पहले दे दी। इससे नाराज होकर बदमाश बालाजी से लड़ने लगे। उन्होंने बालाजी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। उनकी लड़ाई दुकान से होते हुए सड़क पर पहुंच गई।
हालांकि किसी ने बालाजी की मदद नहीं की। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि सड़क पर गाड़ियां आ-जा रही हैं। हमलावार बालाजी पर लगातार हमला कर रहे हैं मगर कोई भी मदद के लिए नहीं रुका। लोग हमलावर को देखते हुए आगे निकल जाते हैं। किसी ने भी बदमाशों को रोकने की कोशिश नहीं की। लोग गाड़ी धीरे करके बालाजी की हत्या होते हुए देखते हैं औऱ धीरे से आगे बढ़ जाते हैं।
घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल
तीनों आरोपी गिरफ्तार
बालाजी की हत्या करने के बाद आरोपी वहां से फरारा हो गए। बालाजी को फौरन अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। भरे बाजार हुई इस घटना से लोग दहशत में हैं। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।