Dalit Woman Attacked: बिहार की राजधानी पटना में शनिवार रात बाप-बेटे की एक जोड़ी ने एक दलित महिला को कथित तौर पर निर्वस्त्र कर दिया, उस पर बेरहमी से हमला किया और उसे पेशाब पीने के लिए मजबूर किया। इस शर्मनाक वारदात के पीछे यह वजह बताई जा रही है कि दलित महिला ने आरोपियों का कर्ज चुकाने के बावजूद अधिक पैसे की मांग को मानने से मना कर दिया था। जानकारी के मुताबिक महिला के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसे गंभीर हालत में पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घर से जबरन उठाकर ले गए सभी आरोपी, किसी तरह जान बचाकर भागी महिला
पटना पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रमोद सिंह, उसका बेटा अंशू और उसके चार अन्य साथी शनिवार रात करीब 10 बजे दलित महिला के घर गए और उसे जबरन उठाकर अपने घर में ले गए। शुरुआती बहस के बाद आरोपियों ने महिला पर बेरहमी से हमला किया, उसे नंगा कर दिया गया और लाठियों से बुरी तरह पीटा गया। इसके बाद प्रमोद सिंह ने अपने बेटे को महिला के मुंह में पेशाब करने का आदेश दिया। हालांकि, पीड़िता वहां से जान बचाकर भागने में सफल रही और अपने घर लौट आई।
ब्याज सहित रकम लौटाने के बावजूद महिला से और अधिक पैसे मांग रहा था आरोपी
पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के मुताबिक, महिला ने कुछ महीने पहले प्रमोद सिंह से ब्याज पर 1,500 रुपये उधार लिए थे। उसने बाद में ब्याज सहित रकम वापस भी कर दिए थे। फिर भी, आरोपी उससे और ज्यादा पैसे की मांग करता रहा। उसने इतनी ज्यादा रकम देने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी प्रमोद ने महिला को धमकी देते हुए कहा था कि अगर उसने और पैसे नहीं दिए तो वे उसे पूरे गांव में नग्न अवस्था में घुमाएंगे और जमकर पीटेंगे।
आरोपियों से मिल रही धमकी के बारे में दलित महिला ने पहले भी पुलिस को बताया था
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आरोप लगाया गया है कि दलित महिला ने पहले भी पुलिस को आरोपियों से मिल रही धमकियों के बारे में जानकारी दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। दलित महिला के साथ इस शर्मनाक और आपराधिक घटना से इलाके में अशांति फैल गई है। पीड़ित परिवार और दलित समुदाय ने आरोपियों के खिलाफ फौरन कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।