बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस ने एक बुजुर्ग दर्जी को बच्ची के साथ छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार किया है। दर्जी ने माप लेने के बहाने बच्ची को बैड टच किया। जब बच्ची ने इसका विरोध किया तो वो जबरदस्ती करने लगा। इस पर जैसे तैसे बच्ची उसके चंगुल से छूटकर भागी और अपनी दीदी को घटना की जानकारी दी।

घटना जिले के पुरानी गुदरी इलाके की है। आरोपी दर्जी की पहचान मोहम्मद शमीम के रूप में हुई है। जानकारी अनुसार बच्ची के स्कूल में प्ले होना था। उसने प्ले (नाटक) में हिस्सा लिया था। प्ले में पहनने के लिए उसने एक ब्लॉउज खरीदी थी, जिसकी फिटिंग सही नहीं थी। ऐसे में वो दर्जी के पास उसकी फिटिंग सही कराने गई थी।

आरोप है कि माप लेने के बहाने पहले तो दर्जी उसे करीब एक घंटे तक गंदी तरह से छूता रहा। फिर जब उसने इसका विरोध किया तो वो जबरदस्ती करने लगा। इन हरकतों से बच्ची सिहर उठी। उसे समझ ही नहीं आया कि क्या करे।

हालांकि, उसने हिम्मत जुटाई और फिर दर्जी को धक्का देकर घर भाग गई। यहां उसने अपने दादी को अपने साथ हुई बदसलूकी की जानकारी दी। जब परिजनों को इसका पता चला तो वे उसके दुकान पहुंच गए और जमकर बवाल काटा।

उन्होंने स्थानीय पुलिस को भी इस घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी दर्जी को गिरफ्तार कर लिया। वो बच्ची के दादा की उम्र का है।

पूरी घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि आरोपी दर्जी मोहमम्द शमीम के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। नगर डीएसपी सीमा देवी ने कहा कि पुलिस ने दर्जी से पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया। वो लंबे समय से इलाके में दुकान चला रहा था। पहले कभी शिकायत नहीं मिली है।