बिहार के गोपालगंज जिले में एक पुजारी की शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद उसकी आंखें निकाल ली गईं और प्राइवेट पार्ट काट दिए गए। पुलिस ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से पुजारी लापता था। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच झड़प हो गई, जिसमें दो पुलिस अधिकारियों को मामूली चोटें आईं हैं।
6 दिनों से लापता थे मनोज कुमार
गोपालगंज जिले के दानापुर गांव में एक शिव मंदिर के पुजारी मनोज कुमार पिछले छह दिनों से लापता थे। उनके भाई अशोक कुमार साह भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष हैं। पुलिस ने बताया कि मनोज कुमार उस समय गायब हो गए जब वह अपने घर से मंदिर गए थे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी, लेकिन उन्हें ढूंढ नहीं पाई थी।
शनिवार को पुलिस को पीड़ित का शव गांव की झाड़ियों में मिला। खबर की जानकारी होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। इसके बाद झड़पें हुईं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस कर्मियों पर पथराव किया और सड़क पर खड़े एक पुलिस वाहन में आग लगा दी।
इसके बाद पुलिस ने लगातार हवाई फायरिंग की और तोड़फोड़ को शांत कराया। गोपालगंज सदर उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) प्रांजल मौके पर पहुंचे और उत्तेजित स्थानीय लोगों को शांत करने में कामयाब रहे। मनोज कुमार के एक भाई सुरेश शाह (जो उस समय मंदिर में थे, जब मनोज गायब हो गए थे) ने कहा कि उनके परिवार ने मान लिया था कि मनोज कुमार कहीं बाहर गए हैं और जल्द ही वापस आ जाएंगे।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सुरेश शाह ने कहा, “जिला प्रशासन के कुछ लोग आए और हमें आश्वासन दिया कि जल्द ही जांच की जाएगी। लेकिन छह दिन बाद मेरे भाई का शव मिला। हमें नहीं पता कि हत्या कैसे और क्यों हुई?” एसडीपीओ प्रांजल ने कहा कि गांव में स्थिति नियंत्रण में है और पर्याप्त पुलिस बल बुलाया गया है। अब हाईवे साफ कर दिया गया है। लोगों ने पुलिस अधिकारियों पर पथराव किया था। इस मामले में एफआईआर दर्ज की जाएगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।”