बिहार के बेगूसराय में डबल मर्डर से सनसनी मच गई है। दरअसल मंगलवार को जिले के सिंघौल ओपी के उलाव में घेटो सिंह नाम के एक युवक ने 35 साल की महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक महिला का नाम नीतू देवी बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा था। पास के ही गांव के रहने वाले घेटो सिंह से नीतू देवी और उनके पति सुबोध साह के साथ जमीन का विवाद चल रहा था। इसी विवाद में नीतू देवी की अहले सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। नीतू देवी को गोली मारने के बाद घेटो सिंह मौके से भागने लगा।
बताया जा रहा है कि गोली चलने के बाद महिला के परिजन हंगामा करने लगे। हंगामे की वजह से जुटे गांव वालों ने घेटो सिंह को दौड़ा कर पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने घेटो सिंह की पिटाई शुरू कर दी और नाराज गांव वालों ने घेटो सिंह को पीट-पीट कर मार डाला। इस दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में सनसनी मच गई है। डबल मर्डर की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ राजन सिन्हा, मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजबिन्दु प्रसाद, सिंघौल ओपीध्यक्ष मनीष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले की पड़ताल में जुट गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है।
हालांकि आरोपी के मृत घोषित करने को लेकर विवाद भी हो गया। जब पोस्टमार्टम के लिए शव लाया गया तो सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे जिंदा कह फिर से इलाज शुरू किया। लेकिन कुछ देर के बाद फिर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और एक खोखा बरामद किया है।

