बिहार में खनन माफिया को पुलिस का डर नहीं रह गया है। वे अपने गलत कामों को अंजाम देने का विरोध करने पर पुलिस पर भी हमले करने से बाज नहीं आ रहे हैं। बेतिया जिले की पुलिस को शुक्रवार की सुबह सूचना मिली कि अवैध रूप से बालू खनन की जा रही है। इस सूचना पर मटियरिया थाने की पुलिस छापामारी के लिए पहुंची तो बालू माफिया ने हमला कर दो होमगार्ड जवानों को घायल कर दिया गया। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली।

हमलावरों ने पहले होमगार्ड के दो जवानों को घायल किया था

देर रात पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जब हौदा डुमरा के नया टोला पिपरा पहुंची तो उस समय आरोपियों ने पुलिस टीम को घेर लिया और तलवार से हमला बोल दिया। इसमें प्रशिक्षु दारोगा संजीत कुमार के दोनों हाथ की अंगुली कट गई। इसके अलावा कई अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गये। एसपी ने पत्रकारों को बताया कि घायल दारोगा का इलाज जीएमसीएच में हो रहा है। शनिवार को पुलिस ने चार लोगो को गिरफ्तार किया है। दूसरे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस की कार्रवाई में कई ग्रामीण भी जख्मी हो गये।

उधर, एमपी के ग्वालियर शहर के बाहरी इलाके में शनिवार को दो लोगों के सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। ग्वालियर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा ने एजेंसी को बताया कि मृतकों में से एक शारीरिक रूप से दिव्यांग है। उन्होंने बताया कि दोनों शव शिवपुरी की ओर जाने वाले शीतला माता मंदिर रोड पर 20 मीटर की दूरी पर मिले। निरंजन शर्मा ने कहा, “दोनों व्यक्तियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि उनके सिर को पत्थर से कुचला गया है। कंपू पुलिस थाने के कर्मी और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम घटनास्थल पर है।”

हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस ने एक व्यक्ति को 13-वर्षीय लड़के का अपहरण कर उसकी हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी व्यक्ति लड़के के माता-पिता से फिरौती मांगकर अपना कर्ज चुकाना चाहता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान मेडिकल स्टोर संचालक विशाल के रूप में हुई है, जो बल्लभगढ़ के सेक्टर 62 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का निवासी है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि विशाल ने आठवीं कक्षा के छात्र कुश को बेहोश करने के लिए नशीला पदार्थ अधिक मात्रा में दे दिया, जिसके कारण उसकी मौत हो गयी। इसके बाद उसने कुश के शव को आगरा नहर के पास फेंक दिया, जिसे पुलिस ने शुक्रवार को बरामद किया।