भोजपुरी सिंगर अभिषेक उर्फ बाबुल बिहारी पर 13 साल की नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। 21 साल का आरोपी बिहार का रहने वाला है। उसे गुड़गांव से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को लोग बाबुल बिहारी के नाम से जानते हैं। वह भोजपुरी गायक है। वह यू ट्यूब चैनल चलाता है। वह सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहता है।

उसके YouTube चैनल पर करीब 27,000 फॉलोअर्स हैं। वहीं कई गानों की वी़डियो भी डाली गई है। लोग उसके गानों को पसंद करते हैं। वह एक उभरता हुआ भोजपुरी सिंगर है जो गाने बनाता है। वह अपने चैनल पर Vlog भी बनाता है।

आरोपी सिंगर ने लड़की की प्राइवेट तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कर दीं

पुलिस के अनुसार, आरोपी की दो साल पहले उसके मोहल्ले में 13 साल की एक लड़की से दोस्ती हुई थी। वह उसे एक होटल के कमरे में ले गया। जहां उसने कथित तौर पर उसके साथ रेप किया और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें ले लीं। नाबालिग ने इस बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। हालांकि उसने सिंगर से दूरी बना ली। उसे क्या पता था कि दो साल बाद आरोपी उसकी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर कर देगा।

इस मामले में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने होटल में ली गईं तस्वीरें नाबालिग की प्राइवेट तस्वीरें कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट की थीं। फोटो देखने के बाद लड़की के परिवार वालों ने उससे पूछताछ की। इसके बाद लड़की ने आपबीती अपने परिवार को बताई। उसके परिवार ने बुधवार को पुलिस से संपर्क किया।

नाबालिग की काउंसलिंग के बाद आरोपी के खिलाफ सेक्टर 14 थाने में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकेन ने कहा कि आरोपी को कुछ घंटों के भीतर ही गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। इसके बाद गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।