राजस्थान के भीलवाड़ा दुष्कर्म मामले में एक नई कहानी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, ‘महिला मर्जी से साथ थी’। रिपोर्ट के अनुसार, थाना गंगापुर में महिला के अपहरण और गैंगरेप की घटना झूंठी पाई गई है। दरअसल, रविवार सुबह ऐसी खबरें सामने आईं थीं कि कुछ दरिंदों ने एक महिला के साथ गैंगरेप किया है। इतना ही नहीं यह भी कहा जा रहा था कि आरोपियों ने महिला के शरीर को नोचा और उसके कपड़े भी ले गए। रिपोर्ट आई था कि महिला जब सड़क पर मदद के लिए गुहार लगा रही थी तो सड़क पर गुजर रहे लोगों ने उसे पागल समझा और उसकी मदद नहीं की।

बाद में किसी ने पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी के सीट कवर से उसके शरीर को ढका। इसके बाद वे महिला को पुलिस स्टेशन ले गए। महिला पुलिसकर्मी से कपड़े मंगवाए और महिला को पहनने के लिए दिया। इसके बाद पुलिस ने महिला को मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया। हालांकि अब पुलिस ने इस मामले में कुछ और खुलासा किया है।

पुलिस के अनुसार, भीलवाड़ा में अपहरण और गैंगरेप की यह कहानी झूठी है। पुलिस ने अब दावा किया है कि महिला अपनी मर्जी से आरोपियों के साथ थी। पुलिस ने खुलासा किया है कि झामपुरा चौराहा के पास आमली रोड पर महिला निर्वस्त्र हालत में सड़क पर भटक रही थी। वह चिल्ला रही थी। 9 सितम्बर की रात 8:40 पर पुलिस को इस बारे में सूचना मिली। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो महिला ने बताया कि रात 8 बजे के आस-पास उसका किडनैप हुआ। वह खाना खा कर टहलने निकली थी। तभी आरोपियों ने उसे पकड़कर कार में डाल दिया। वे उसे एक खंडहर में ले गए और उसका दुष्कर्म किया।

पुलिस को मिला सुराग

पुलिस का कहना है कि पीड़िता का मोबाइल फोन मिला। मोबाइल की जांच करने पर पता चला कि महिला ने आरोपियों से फोन पर बात की थी। वह उन्हें पहले से जानती थी। पुलिस के अनुसार, छोटु सरगरा के रहने वाले आमली गंगापुर ने 7 बजे से 7.51 PM तक महिला से फोन पर बात की थी। उसने महिला को बुलाया। रुपयों में बात तय हुई। छोटू अपनी बाईक पर पीड़िता को बैठाकर लाया। रास्ते में गिरधारी भी उसी बाइक पर बैठ गया। दोनों महिला को आमली रोड के किनारे बने खण्डहर में ले गए और बारी-बारी से उसके साथ संबंध बनाए।

पुलिस की जांच में यह भी पता चला कि दलाल के जरिए 6 साल पहले 25 साल की महिला की शादी 50 साल के विकलांग से हुई थी। महिला उड़ासी की रहने वाली है। गिरधारी पीड़िता को पहले से जानता है। वह उसे रातभर खंडर में रखने की बात कर रहा था। वह जिद पर अड़ा हुआ था। इस बात से महिला डर गई और बिना कपड़ों के भागकर सड़क किनारे आ गई। पुलिस का कहना है कि पति के डर से महिला ने शुरुआत में पुलिस को गलत जानकारी दी। महिला को डर था कि सच पता चलने पर उसका पति उसे छोड़ देगा।