Bengaluru doctor murdered: बेंगलुरु में एक युवा डॉक्टर की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया है कि युवक की हत्या उसकी की मंगेतर ने दो अन्य युवकों के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने हत्या के इस मामले में डॉक्टर की मंगेतर प्रतिभा, दो अन्य दोस्तों गौतम और सुनील को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक आरोपी सूर्या को फरार बताया जा रहा है। बताया गया है कि मृतक की मंगेतर पेशे से आर्किटेक्ट है और वह दोनों लिव इन में रहते थे।

बेंगलुरु में लिव इन में रहता था मृतक

इस घटना में मृतक की पहचान डॉ. विकास राजन के रूप में हुई है, जिसने यूक्रेन से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की थी। इसके बाद उसने कई महीनों तक चेन्नई के एक अस्पताल में प्रैक्टिस के बाद बेंगलुरु में नई नौकरी हासिल की थी। विकास की आरोपी मंगेतर प्रतिभा से करीब दो साल पहले सोशल मीडिया पर मुलाक़ात हुई थी। जिसके बाद वह दोनों साथ ही रहने लगे थे और शादी करने वाले थे।

मंगेतर ने कराया था अस्पताल में भर्ती

करीब एक हफ्ते पहले, डॉ. राजन को गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां वह कोमा में चले गए और तीन दिन बाद उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने पहले अप्राकृतिक मौत (अननेचुरल डेथ) का मामला दर्ज किया, क्योंकि डॉक्टर विकास राजन के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए थे। इस मामले में गहनता से जांच के बाद पुलिस ने पाया कि मंगेतर प्रतिभा और उसके दोस्तों ने डॉ. राजन के साथ कथित तौर पर मारपीट की थी और फिर उसकी हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया था।

बदले में वारदात को दिया गया अंजाम- पुलिस

दक्षिण पूर्व बेंगलुरु के डिप्टी पुलिस कमिश्नर सीके बाबा ने मीडिया को बताया कि प्रतिभा ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपनी और अपनी मां की तस्वीरें देखीं और पता चला कि विकास ने ही इसे फर्जी आईडी से अपलोड किया था। पुलिस ने कहा कि इसी घटना के बाद प्रतिभा गुस्से में थी और उसने विकास राजन को सबक सिखाने का फैसला किया था।

मंगेतर ने बनाई थी झूठी कहानी

इसके बाद, 10 सितंबर को भी प्रतिभा और विकास के बीच तस्वीरों को लेकर लड़ाई हो गई। जिसमें उसने डॉ. राजन पर पोछे वाली रॉड से हमला और बोतलों से हमला कर दिया। इस घटना में विकास घायल होकर गिर पड़ा जिसे गंभीर हालत में प्रतिभा ने ही अस्पताल पहुंचाया था लेकिन जल्द ही वह कोमा में चला गया और बाद में उसकी मौत हो गई। प्रतिभा ने डॉक्टर राजन के भाई विजय को बताया कि वह दोस्तों के साथ लड़ाई में घायल हो गया था। क्योंकि उसने यही बात अस्पताल में राजन को भर्ती कराते वक्त भी बताई थी।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

डॉ. विकास की मौत व चोटों के निशान सामने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था और फिर जांच से पता चला कि प्रतिभा ने खुद का नाम छिपाने के लिए झूठ बोला था। पुलिस ने अब प्रतिभा और उसके दोस्तों – गौतम, सुनील को हत्या सहित कई आरोपों के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जबकि एक आरोपी सूर्या को फरार बताया जा रहा है।