UP Crime News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक 15 साल की लड़की का अपहरण करने और बंधक बनाकर उसके साथ डेढ़ महीने तक बलात्कार करने के आरोप में एक व्यक्ति को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। बलिया पुलिस के मुताबिक, नाबालिग लड़की 9 जुलाई को कोतवाली थाना क्षेत्र के अपने गांव से लापता हो गई थी। लड़की के पिता की शिकायत पर अगले दिन मामला दर्ज किया गया था।
लगभग डेढ़ महीने बाद बचाई गई अगवा नाबालिग लड़की, मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज
बलिया पुलिस ने कहा कि मामले में जांच और कार्रवाई के दौरान नाबालिग लड़की को 26 अगस्त को देवरिया से बचाया गया था। उसने मजिस्ट्रेट के सामने एक बयान दिया है। कोतवाली थाना के SHO राजीव सिंह ने कहा कि लड़की ने अपने बयान में आरोप लगाया कि बिहार के सीवान जिले का रहने वाला 19 साल का राहुल कुमार सिंह उसे अगवा कर देवरिया ले गया था। पीड़ित लड़की ने बताया कि आरोपी राहुल ने उसे बंधक बनाकर रखा और करीब डेढ़ महीने तक उसके साथ बलात्कार किया।
आरोपी युवक राहुल कुमार सिंह गिरफ्तार, मामले में जोड़े जाएंगे पॉक्सो एक्ट के सेक्शन
थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि आरोपी युवक राहुल कुमार सिंह को सोमवार को शहर के स्टेशन चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस गिरफ्तार युवक से इस मामले में पूछताछ कर रही है। पुलिस जानना चाहती है कि इस पूरे मामले में वह अकेला था या कोई और शख्स भी उसका साथ दे रहा था। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल जांच भी करवाया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत भी मामला चलाया जाएगा।
महिलाओं के खिलाफ संगीन अपराध दर्ज होने में यूपी और असम आगे
इससे पहले संसद के मानसून सत्रा में लोकसभा के चार सांसदों के सवाल के लिखित जवाब में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा ने बताया था कि 2017 से 2021 के बीच देश के 28 राज्यों में महिलाओं के साथ बलात्कार या सामूहिक बलात्कार के बाद हत्या के 1278 मामले दर्ज किए गए। इन वारदातों की अधिक संख्या वाले राज्यों के लिस्ट में उत्तर प्रदेश अव्वल और असम नंबर दो पर रहा। इस अवधि में उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 218 और असम में महिलाओं के खिलाफ संगीन अपराध के ऐसे 191 मामले दर्ज किए गए थे।