मुंबई से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। यहां चेंबूर में 33 साल के एक ऑटो ड्राइवर ने पत्नी के मुंहबोले भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को 4 टुकड़ों में काटकर रसोई में छिपा दिया। फिलहाल आरसीएफ पुलिस ने बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पहचान ईश्वर मारवाड़ी के रूप में हुई है। आरोपी शफीक उर्फ ​​शफी शेख शव ने पूछताछ में बताया कि मृतक उसकी पत्नी और उसकी साली को गलत तरीके से छूता था और उन पर आपत्तिजनक टिप्पणी करता था। पुलिस ने आरोपी शेख तो तब गिरफ्तार किया जब वह शव के टुकड़ों को ठिकाने लगाने की योजना बना रहा था।

इस मामले में डीसीपी हेमराज सिंह राजपूत ने कहा कि मृतक को आरोपी शेख की पत्नी अपना ‘मुंह बोला भाई’मानती थी। शेख ने 28 अगस्त को उसकी हत्या कर दी। वहीं एक अधिकारी ने कहा कि ईश्वर मारवाड़ी को दरांती से मारने के बाद भी आरोपी शेख उसके सिर पर हथौड़े से वार करता रहा। फिलहाल पुलिस ने दरांती और हथौड़े जब्त कर लिया है। अब शेख को रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।

शेख की पत्नी मारवाड़ी को अपना भाई मानती थी

रिपोर्ट के अनुसार, ऑटो चालक शफीक उर्फ ​​शफी शेख को आरसीएफ पुलिस ने सोमवार को नाबालिग ईश्वर मारवाड़ी की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। शेख की पत्नी मारवाड़ी को अपना भाई मानती थी। बुधवार की सुबह पुलिस ने मारवाड़ी का शव बरामद किया। जानकारी के अनुसार, आरोपी शेख पहले उरण में रहता था। 2013 में उस पर जय नारायण कोली की हत्या का आरोप लगा था। जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। उस पर डकैती का भी आरोप लगा था। इस मामले में वह कई सालों तक जेल में बंद था। रिहाई के बाद वह गोवंडी आ गया। अब वह पत्नी के साथ आरसीएफ इलाके में रहता है। उसने पुलिस को बताया कि वह 2013 की हत्या में बरी हो चुका है। वहीं मारवाड़ी को चेंबूर पुलिस ने 2020 में एक घर में तोड़फोड़ के मामले में हिरासत में लिया था और डोंगरी चिल्ड्रन होम भेज दिया था। पुलिस ने कहा कि मृतक ड्रग्स लेने लगा था।

दरअसल, ललित पुत्रन नामक शख्स ने 10 साल पहले मारवाड़ी को अपने घर लाया था। वह उसे अपना बेटा मानता था। पुत्रन ने एक महिला से शादी की थी जिसकी चार बेटियां और एक बेटा है। परिवार आरसीएफ इलाके में म्हाडा बिल्डिंग में रहता है। इस मामले में वरिष्ठ निरीक्षक मुरलीधर करपे ने कहा कि पुलिस नियंत्रण कक्ष को बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे पुत्रन का फोन आया। उसने पुलिस को बताया कि उनके दामाद शेख ने मारवाड़ी को छुपाया था। शेख सोमवार को मारवाड़ी को अपने साथ ले गया और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। मंगलवार की रात जब पुत्रन ने शेख से मारवाड़ी के बारे में पूछा तो उसने कहा कि वह सुबह बात करेगा।

इसके बाद जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो शेख ने कहा कि उसने मारवाड़ी की हत्या कर दी है। एक पुलिसकर्मी के अनुसार, जब पुलिस की टीम एसआरए बिल्डिंग में उसके फ्लैट पर पहुंची तो देखा कि शरीर के हिस्सों को अलग-अलग बैग में रखा गया था। जांच के लिए शव के टुकड़ों को जेजे अस्पताल भेज दिया गया है।

आरोपी ने कहा कि पत्नी और साली पर मृतक कमेंट करता था

वहीं आरोपी शेख ने पुलिस को बताया कि उसने पुत्रन की बेटी से 2019 में लव मैरिज की थी। वह रात में ऑटो चलाता है। जिसके कारण उसकी पत्नी ज्यादातर अपनी मां के घर पर सोती थी। दंपत्ति आमतौर पर पुत्रन के घर पर खाना भी खाते थे। शेख ने पुलिस को बताया कि मारवाड़ी उसकी साली को गलत तरीके से छूता था, उसे छेड़ता था। वह उसकी पत्नी और साली पर अभद्र टिप्पणी करता था। उसने एक साल पहले मारवाड़ी की पिटाई की थी और उसे चेतावनी भी दी थी। शेख ने आरोप लगाया कि चूंकि नाबालिग ने कमेंट करना बंद नहीं किया इसलिए वह उसे सोमवार को अपने फ्लैट पर ले गया और उससे पूछताछ की। मारवाड़ी ने कथित तौर पर जवाब दिया। इसके बाद शेख ने उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने उस पर हत्या और सबूत नष्ट करने का मामला दर्ज किया है। उसे गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा।