Delhi Crime News: दिल्ली के पीतमपुरा से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बीते दिनों मौर्या एन्क्लेव में बुजुर्ग कारोबारी की पत्नी से लूटपाट की कोशिश की गई। लेकिन बदमाश अपनी कोशिश में नाकामयाब रहे। अब पुलिस ने लूटपाट में शामिल बदमाश को दो साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से पिस्टल, बैग, घटना के दौरान पहने गए कपड़े और अपराध में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है।
लूटपाट की कोशिश में असफल रहे बदमाश
अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार गिरफ्तार किए गए बदमाश में से एक ने बताया कि तलाकशुदा पत्नी को मेंटेनेंस देने के लिए उसने साथियों संग लूटपाट की कोशिश की थी। लेकिन वे असफल रहे। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान बुध विहार निवासी पंकज, अभिषेक और मंगोलपुरी के रहने वाले राम स्वामी के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि पंकज पर पहले से ही चोरी और जुआ अधिनियम के दो और अभिषेक पर चोरी के एक मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें – पैसे वापस कर दूंगा…, चोर ने गल्ले से चुराए सिर्फ अपनी जरूरत भर के पैसे, छोड़ गया इमोशनल लेटर, पूरी कहानी जान पुलिस हैरान
दरअसल, 31 मार्च को पुलिस को पीतमपुरा में एक बुजुर्ग महिला के साथ बंदूक की नोख पर लूटपाट की शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता कमलेश अरोड़ा ने बताया कि वह अपने पति हेमंत कुमार (72) के साथ पीतमपुरा में रहती हैं। उनके पति का वजीरपुर में फैक्टरी है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च को दोपहर करीब तीन बजे एक अंजान आदमी उनके घर पर आया और पार्सल देने के बहाने घर में घुस गया। उसने महिला का गला घोंटने की भी कोशिश की।
तीसरे साथी की बाइक पर बैठकर भाग गए
इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति भी घर में पिस्टल लेकर घुस गया और अपने साथी की मदद करने लगा। हालांकि, इससे पहले की वह लूटपाट करते उनकी बेटी ने घर के बाहर आकर लकड़ी का दरवाजा बंद कर दिया। यह देखकर बदमाश घबरा गए और जल्दी से बाहर निकलकर वहां मौजूद अपने तीसरे साथी की बाइक पर बैठकर भाग गए।
यह भी पढ़ें – ओवरटेक कर रोका स्कूटर और फिर महिला के गले से चेन छीनकर भाग गए बदमाश, CCTV में कैद हुई पूरी घटना
शिकायक मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की जांच की और उसकी मदद से रविवार को पंकज और राम स्वामी को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर तीसरे आरोपी को भी बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में पंकज ने बताया कि पत्नी से उसका तलाक हो चुका है। उसे पत्नी को मेंटेनेंस देने के लिए पैसे की जरूरत थी। ऐसे में उसने ये रास्ता चुना। उसने पुलिस को बताया कि घटना से कुछ दिन पहले उसने अपने साथी हर्ष के साथ मिलकर अरोड़ा के घर की रेकी की थी। उन्होंने अंदाजा लगाया कि घर में केवल बुजुर्ग दंपती रहते हैं और यहां आसानी से लूटपाट की जा सकती है।