बेंगलुरु के इंदिरानगर इलाके से सनसनीखेज खबर सामने आई है, यहां एक अपार्टमेंट में असम की महिला व्लॉगर का शव मिला है। पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि माया गोगोई (19) की केरल के कन्नूर निवासी आरव (21) ने कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। महिला के सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, कथित बॉयफ्रेंड आरव अभी फरार है। पुलिस का कहना है कि आरोपी आरव पीड़ित महिला को पहले से जानता था। पुलिस ने बताया कि संदिग्ध यहां एचएसआर लेआउट में लिप्स ओवरसीज में स्टूडेंट काउंसलर के रूप में काम कर रहा था और यूट्यूब कंटेंट क्रिएटर गोगोई जयनगर में एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी।
वारदात के दिन क्या हुआ था?
पुलिस ने कहा कि संदिग्ध शख्स पिछले तीन दिन से महिला के साथ अपार्टमेंट में था। पुलिस ने बताया कि महिला का शव आंशिक रूप से सड़ चुका था। अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि महिला और संदिग्ध 23 नवंबर को अपार्टमेंट में आए थे। गोगोई के हत्या के बाद आरव कथित तौर पर फरार हो गया था। प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “दोनों 23 नवंबर को दोपहर 12:28 बजे लॉज (सर्विस अपार्टमेंट) में दाखिल हुए। संदिग्ध आज सुबह 8:19 बजे लॉज से बाहर चला गया।”
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चल पाएगा कि उसने उसे कब मारा। अधिकारी ने आगे बताया कि उसे मारने के बाद वह शव के साथ कमरे में ही रहा। उन्होंने कहा कि शव आज आंशिक रूप से सड़ी हालत में मिला था। पुलिस ने यह भी बताया कि जयनगर स्थित प्राइवेट कंपनी में करीब 20 दिन पहले नौकरी शुरू करने वाली महिला छह महीने पहले बेंगलुरु आई थी। पुलिस ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और संदिग्ध को पकड़ने के लिए दलों का गठन किया गया है। साथ ही इस बात का भी पता लगाया जाया जा रहा है कि आरोपी ने ऐसा क्यों किया। मामले में आगे की जानकारी दी जाएगी, अभी कुछ भी कहना जल्दीबाजी होगी।