आंध्र प्रदेश से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। आंध्र प्रदेश के नंदयाल में मंगलवार को एक सड़क पर एक व्यक्ति ने दिनदहाड़े अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। सिर्फ इतना ही नहीं उसने अपनी सास को भी मारकर घायल कर दिया। आरोपी व्यक्ति का नाम रंगास्वामी है। हैरानी की बात ये रही कि किसी ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

पति ने पत्नी पर हमला किया

रंगास्वामी ने अपनी पत्नी कुमारी और उसकी मां पर धारदार हथियार से हमला किया। इस दौरान वहां भीड़ जमा हो गई और उसे रोकने के लिए चिल्लाती रही लेकिन वह माना नहीं। घटना का एक वीडियो भी एक व्यक्ति ने रिकॉर्ड किया है। इस वीडियो में रंगास्वामी को सड़क के किनारे स्टालों के बीच जमीन पर गिरी हुई और खून से लथपथ एक महिला को बेरहमी से काटते हुए देखा जा सकता है। जब वह सड़क के बीच में अपनी पत्नी पर बेरहमी से हमला कर रहा था तो दुकानें खाली थीं।

रंगास्वामी की पत्नी की मृत्यु हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और रंगास्वामी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी सास को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रंगास्वामी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच चल रही है। पुलिस को अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि इस क्रूर हमले की वजह क्या थी?

राजस्थान में पिता ने बेटी को मौत के घाट उतारा

इससे पहले राजस्थान के हनुमानगढ़ क्षेत्र से एक मामला साने आया था। राजस्थान के गोगामेडी थाना क्षेत्र में 31 साल की एक बेटी की कथित तौर पर उसके पिता ने कुल्हाड़ी से हमला करके हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। गोगामेड़ी थानाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी पिता गोविंद सिंह अपनी बेटी कृष्णा पर शादी के लिए दबाव डाल रहा था। बेटी शादी के लिए राजी नहीं थी।

आरोपी पिता ने अपनी बेटी पर हमला उसके सोने के दौरान किया। अस्पताल ले जाते समय कृष्णा की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पिता पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अभी वह जेल में है।