केरल के कोल्लम में एक अमेरिकी महिला के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। घटना करुनागप्पल्ली इलाके की है। रिपोर्ट के अनुसार, विदेशी महिला मंगलवार की शाम समुद्र तट पर गई थी। वह वहां टहल रही थी। इसी दौरान उसके पास दो लड़के आए औऱ बात करने लगे। लड़कों ने उससे दोस्ती कर ली और फिर अपने जाल में फंसा लिया। उन्होंने महिला को शराब पीने का ऑफर दिया और फिर मोटरसाइकिल पर बिठाकर सुनसान घर में ले गए। उस घर में उनके अलावा कोई और नहीं था। वहां पर उन्होंने महिला को शराब पिलाकर बेहोश कर दिया औऱ फिर उसका यौन शोषण किया। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को घटना की शाम मंगलवार को ही गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान 39 साल के जयन और 27 साल के निखिल के रूप में हुई है। आरोपियों को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया। घटना मंगलवार शाम की है जब महिला समुद्र तट पर गई थी। जयन और निखिल ने पहले महिला से दोस्ती की फिर उसे शराब पीने की पेशकश की। इसके बाद वे महिला को मोटरसाइकिल पर बिठाकर एक घर में ले गए।
आरोप है कि महिला शराब पीने के बाद बेहोश हो गई और फिर दोनों ने उसका शोषण किया। रिपोर्ट के अनुसार, वह महिला हाल ही में एक आश्रम में गई थी। वह करुनागप्पल्ली के पास रहती थी। फिलहाल आरोपी जयन और निखिल को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
अतिथि देवो भव:?
हमारे यहां कहा जाता है, अतिथि देवो भव: यानि अतिथि देवता के समान होते हैं मगर कुछ लोगों के कारण हमारे देश की बदनामी होती हैं। विदेशी हमारे यहां हमारी संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत देखने आते हैं। जब उनके साथ कुछ गलत होता है तो हमारे देश की गरिमा को ठेस पहुंचता है। कुछ लोगों के गलत व्यवहार का हर्जाना पूरे देश को भुगतना पड़ता है।
विदेशी हमारे देश आते हैं तो हमें आर्थिक लाभ मिलता है मगर अपराधी किस्म के लोग इस बात को नहीं समझते हैं। तभी तो विदेशी महिलाओं के साथ बार-बार छेड़खानी की घटनाएं सामने आती हैं। कुछ महीनों पहले मुंबई में कोरियन गर्ल के साथ भी दो लड़कों ने छेड़खानी की थी। जिसका वीडियो पूरे देश में वायरल हुआ था। कोरिया के लोगों ने भी वह वीडियो देखा था। वायरल वीडियो में देखा जा सकता था कि दो लड़के उसे बाइक पर बिठाने की कोशिश करते हैं। पीड़ित मना कर देती है फिर उनमें से एक लड़का उसे ”किस” करने की कोशिश करता है।