Ajay Devgan, Sidharth Malhotra Thank God Controversy: अजय देवगन, सिद्धार्थ मल्होत्रा (Siddharth Malhotra) ​की आने वाली फिल्म थैंक गॉड रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। दरअसल, फिल्म की स्टार कास्ट में शामिल अजय देवगन, सिद्धार्थ मल्होत्रा और निर्देशक इंद्र कुमार के खिलाफ कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में शिकायत दर्ज कराई गई है।

जौनपुर में दर्ज कराई गई फिल्म थैंक गॉड के खिलाफ शिकायत

बता दें कि, बीते दिनों फिल्म के ट्रेलर में भगवान चित्रगुप्त (Chitragupta) की भूमिका में अजय देवगन के संवादों को लेकर सोशल मीडिया पर भारी बवाल मचा था। अब इसी संबंध में भगवान चित्रगुप्त की पूजा करने वाले कायस्थ समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस (Religious sentiments) पहुंचाने के आरोप में जौनपुर में हिमांशु श्रीवास्तव नाम के व्यक्ति ने अपर दंडाधिकारी मोनिका मिश्रा की अदालत में मामला दर्ज किया गया है।

फिल्म में उड़ाया गया भगवान का मजाक- शिकायतकर्ता का आरोप

याचिकाकर्ता हिमांशु श्रीवास्तव के मुताबिक, भगवान चित्रगुप्त का कथित रूप से उपहास करने और फिल्म में आपत्तिजनक टिप्पणी करने के लिए शिकायत दर्ज की गई है। शिकायत दर्ज करने के बाद मजिस्ट्रेट ने हिमांशु श्रीवास्तव का बयान दर्ज करने के लिए 18 नवंबर 2022 की तारीख तय की। हिमांशु श्रीवास्तव ने अधिवक्ता उपेंद्र विक्रम सिंह और सूर्या सिंह के जरिए अपर मजिस्ट्रेट (फर्स्ट) की अदालत में केस दायर किया है।

फिल्म थैंक गॉड (Thank God Film) के हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर में अजय देवगन (Ajay Devgn) भगवान चित्रगुप्त की भूमिका में हैं, जहां वह मॉडर्न कपड़ों में दिखते हैं। याचिकाकर्ता हिमांशु के मुताबिक, फिल्म में भगवान चित्रगुप्त की भूमिका में अजय देवगन घटिया चुटकुलों और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हैं, जो कि गलत है।

चित्रगुप्त की पूजा करने वाले समाज की भावनाएं हुई आहत

शिकायतकर्ता के अनुसार, ट्रेलर (Thank God Film Trailer) में भगवान चित्रगुप्त का अपमान किया गया, जिससे उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची। उन्हें लगता है कि फिल्म नफरत फैलाने और अपमान करने की कोशिश है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, फिल्म के से जुड़े लोगों ने मुनाफा बनाने और चर्चित होने के आपत्तिजनक संवादों और दृश्यों को फिल्माया, जिससे हमारी भावनाओं को ठेंस पहुंची है। शिकायतकर्ता की मांग की है कि आरोपी को उचित धाराओं के तहत तलब किया जाए और सजा दी जाए।

कौन हैं चित्रगुप्त?

पुराणों के अनुसार, भगवान चित्रगुप्त को न्याय का देवता माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि भगवान चित्रगुप्त ही व्यक्ति के पापों और पुण्य का सारा लेखा-जोखा रखते हैं। इसके अलावा, भगवान चित्रगुप्त ही मनुष्य को उसके कर्मों के अनुसार दंड देने और पुरस्कृत करने का काम करते हैं। देश में कायस्थ समाज भगवान चित्रगुप्त के लिए असीम भावनाएं रखता है और यह उनके आस्था का विषय हैं।