मुंबई से होकर मस्कट-ढाका जाने वाली फ्लाइट में एयरहोस्टेस के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। कथित तौर पर एक यात्री ने एयरहोस्टेस को गले लगाकर KISS करने की कोशिश की। 30 साल का यात्री बांग्लादेश का रहने वाला है। फिलहाल उसे मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में शुक्रवार को एक अधिकारी ने बताया कि मस्कट-ढाका विमान में एक महिला फ्लाइट अटेंडेंट के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने वाले बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने आगे कहा कि यह घटना गुरुवार को विस्तारा फ्लाइट के मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर लैंड होने से कुछ समय पहले हुई।

आरोपी बांग्लादेशी नागरिक है

अधिकारी ने कहा कि आरोपी की पहचान मोहम्मद दुलाल के रूप में हुई है। वह एक बांग्लादेशी नागरिक है। वह विस्तारा की फ्लाइट से मस्कट से मुंबई होते हुए ढाका जा रहा था। फ्लाइट के मुंबई में उतरने से आधे घंटे पहले दुलाल अपनी सीट से उठा और एक महिला लफ्लाइट अटेंडेंट को गले लगाकर Kiss करने की कोशिश की। अधिकारी ने आगे कहा कि जब अन्य केबिन क्रू सदस्यों और यात्रियों ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह उन पर भड़क गया।

कैप्टन से भिड़ गया आरोपी

हंगामा होने के बाद कैप्टन भी आ गए। उन्होंने आरोपी को रोकने की कोशिश की मगर वह फिर भी रुका। इसके बाद कैप्टन ने उसे रेड वार्निंग कार्ड दिया। दरअसल, यह कार्ड उस यात्री को दिया जाता है जो कंट्रोल से बाहर हो जाता है। इसके बाद आरोपी कैप्टन से लड़ने लगा।

इसके बाद फ्लाइट मुंबई हवाईअड्डे पर लैंड हुई तो आरोपी को सुरक्षा अधिकारियों को सौंप दिया गया। अधिकारी आरोपी को साहार पुलिस स्टेशन ले गए। अधिकारी ने जानकारी दी कि फ्लाइट अटेंडेंट द्वारा दर्ज की गई शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उसे एक स्थानीय अदालत में पेश कर शुक्रवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।