आगरा से शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक होम स्टे होटल में 4 लोगों पर महिला कर्मचारी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगा है। रिपोर्ट के अनुसार, महिला उस होटल में कर्मचारी थी और वहां डेढ़ साल से काम कर रही थी। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स जब महिला को कमरे के अंदर खींच रहा है तो उस समय वह मदद के लिए चीख रही है, हाथ जोड़ रही है मगर आरोपी को दया नहीं आती है। यह वीडियो हैरान करने वाला है, इसे हम आपके साथ शेयर नहीं कर सकते। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में दुष्कर्म, मारपीट और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस मामले में चार पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के नाम जीतेंद्र राठौड़, रवि राठौड़, मनीष कुमार और देवकिशोर है। जानकार के अनुसार, रेप पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पीड़िता मदद के लिए गुहार लगा रही है। वह चीखकर कर रही है कि मेरी मदद करो। वह जमीन पर लेटी है और आरोपी उसे घसीट रहा है। वह उस शख्स पर आरोप लगा रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने कहा कि पहले बनाए गए उसके एक आपत्तिजनक वीडियो को लेकर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था।

मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सदर अर्चना सिंह के अनुसार, आगरा की ताजगंज पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल में रेप की घटना हुई है। पीड़िता के आरोपों पर संज्ञान लेते हुए मामले में केस दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना शनिवार रात की है। उन्होंने कहा कि होमस्टे को सील कर दिया गया है

वहीं बसई पुलिस चौकी के प्रभारी मोहित शर्मा ने बताया “हमें शनिवार आधी रात के आसपास पीड़िता का फोन आया जो मदद के लिए चिल्ला रही थी। हम तुरंत होमस्टे पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की। पीड़िता की उम्र करीब 25 साल है और वह होमस्टे में काम करती है।”

पीड़िता ने बताई आप बीती

उन्होंने आगे कहा, “उसने हमें अपने साथ हुए दुष्कर्म की पूरी घटना बताई और कहा कि उसे आरोपियों ने पीटा था। उन्होंने उसके सिर पर कांच की बोतल भी तोड़ दी थी। उसे शराब पीने के लिए भी मजबूर किया गया था।” इतना ही नहीं, इस दौरान उसने पैंट में टॉयलेट कर दिया फिर भी आरोपियों को दया नहीं आई। हैरानी की बात है कि इस घटना के समय वहीं सिक्योरिटी गार्ड मौजूद थे।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे जबरन कमरे में रोका गया और बेरहमी से पीटा गया। आरोपियों ने उसे शराब पीने के लिए भी मजबूर किया। फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है।