उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में 27 अक्टूबर को एक डिलीवरी बॉय फ्लैट पर डिलीवरी देने के लिए गया था। इस दौरान वहां पर एक युवती को उसने देखा और उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। महिला सोसायटी के अंदर अपने फ्लैट में अकेली थी। जब युवक दुष्कर्म नहीं कर पाया तो उसने महिला के साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गया।

इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और रविवार को आरोपी की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। आरोपी दरोगा की पिस्तौल छीन कर भाग रहा था। इसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया और उसके पैर में गोली लग गई। आरोपी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका नाम सुमित शर्मा है। आरोपी बादलपुर के अच्छेजा गांव का रहने वाला है।

आरोपी सुमित ने 27 अक्टूबर शुक्रवार की दोपहर में वारदात को अंजाम दिया था। उस समय आरोपी सुपरटेक इको विलेज हाउसिंग सोसाइटी में डिलीवरी के लिए गया था। युवती घर में अकेली थी और आरोपी ने उसके अकेलेपन का फायदा उठाते हुए दुष्कर्म की कोशिश की थी। डिलीवरी ब्वॉय सुमित शर्मा दूध और अंडे लेकर सोसाइटी पहुंचा था। आरोप है कि ऑर्डर देने के दौरान आरोपी सुमित फ्लैट में घुस आया। बताया जाता है कि तड़के सुबह आरोपी डिलीवरी देने आया था, जब उसने घटना को अंजाम दिया।

इसके बाद लड़की ने जब शोर मचाया और भीड़ जमा होने लगी तो आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने उसी समय आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने बताया कि रविवार को आरोपी की लोकेशन बिसरख थाना क्षेत्र में मिली थी। इसके बाद पुलिस ने सर्वर से मिले लोकेशन के आधार पर आरोपी की घेराबंदी की।

बिसरख पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन जब वह सभी तरफ से खुद को घिरा हुआ देखा तो एक दरोगा का पिस्तौल छीन लिया और पुलिस पर तान दिया। ऐसे में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर उसे दबोच लिया।