टीवी जगत के एक्टर करणवीर बोहरा मुश्किलों में घिर गए हैं। करणवीर बोहरा पर एक महिला ने 1.99 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में महिला ने मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कराया है।
महिला ने एक्टर करणवीर बोहरा पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया और बोहरा के साथ 6 अन्य लोगों के खिलाफ मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज कराया गया है। एक्टर करणवीर बोहरा पर आरोप है कि उन्होंने 40 वर्षीय महिला को ढाई प्रतिशत ब्याज पर रिटर्न का वादा करके करीब 1.99 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है।
हालांकि, करणवीर बोहरा पर धोखाधड़ी का आरोप लगाने वाली महिला ने बताया है कि उसे एक करोड़ रुपये वापस कर दिए गए हैं। महिला ने अपनी शिकायत में बताया है कि जब उसने एक्टर बोहरा और उनकी पत्नी से तजिंदर संधू से अपने पैसे वापस मांगे तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और गोली मारने की धमकी भी दी।
ओशिवारा पुलिस स्टेशन के द्वारा कहा गया है कि महिला के आरोपों की जांच के लिए जल्द ही एक पुलिस टीम बनाकर जांच की जाएगी और बयान दर्ज कराने का काम भी किया जाएगा। आपको बता दें कि, करणवीर बोहरा को हाल ही में कंगना रनौत के रियलिटी शो लॉकअप में दिखे थे। इस शो में करणवीर ने निजी जिंदगी से जुड़ी कई बातों का खुलासा किया था।
करणवीर बोहरा ने बताया था कि वह कई सारे लोगों के पैसे नहीं लौटा पा रहे हैं और उन पर भारी कर्ज चढ़ा हुआ है। बोहरा ने यह भी बताया था कि इन्हीं सारे कारणों के चलते उन पर कई केस भी दर्ज किये जा चुके हैं। करणवीर ने शो में भावुक होते हुए कबूल किया था कि वह कर्ज के चलते काफी परेशान हैं और कोई दूसरा होता तो अब तक सुसाइड कर चुका होता।
गौरतलब है कि, करणवीर बोहरा टीवी जगत के काफी पॉपुलर एक्टर हैं। उनका असली नाम मनोज बोहरा है और वह कई सारे हिट सीरियल्स (जैसे- क्योंकि सास भी कभी बहू थी, कसौटी जिंदगी की, कुमकुम भाग्य और नागिन 2) का हिस्सा रह चुके हैं। इसके अलावा वह खतरों के खिलाड़ी, बिग बॉस 12 जैसे दर्जनों रियलिटी शो में भी नजर आ चुके हैं, हालांकि वह कोई भी शो जीत नहीं पाए थे।
