पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके में मासूम के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाला 30 वर्षीय युवक मासूम को बहला-फुसला कर एक खाली कमरे में ले गया। वहां वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी ने किसी को कुछ बताने पर मासूम को जान से मारने की धमकी दी। देर शाम उसकी तबीयत बिगड़ी तो परिवार को इसका पता चला। फौरन मासूम को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने मामले में लापरवाही बरती और इसको गंभीरता से नहीं लिया। देर रात को इलाके में खबर फैली तो कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी अस्पताल बच्ची का हाल जानने पहुंच गए। अनिल ने भी पुलिस पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने किसी भी तरह की लापरवाही बरतने की बात से इनकार किया है।

जानकारी के अनुसार छह साल की मासूम अपने परिवार के साथ मयूर विहार थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुरी में रहती है। इसके परिवार में माता-पिता के अलावा अन्य सदस्य हैं। वारदात बुधवार सुबह करीब 11 बजे की है। मासूम अपने घर के पास ही खेल रही थी। इस बीच पड़ोस में रहने वाले 30 वर्षीय युवक बच्ची को मिठाई दिलाने की बात कर अपने कमरे पर ले गया। वहां आरोपी ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। किसी को कुछ भी बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। बच्ची बुरी तरह डर गई। शाम के समय उसकी तबीयत बिगड़ी तो बच्ची ने परिजनों को सारी बात बताई। मासूम को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके साथ गलत काम होने का पता चला। परिजनों ने शाम करीब चार बजे पुलिस को खबर दी।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सूचना मिलने के बाद फौरन इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की ओर से मामले में कोई लापरवाही नहीं बरती गई। वहीं खबर मिलने के बाद कोंडली से आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर परिवार को बंधक बनाने का आरोप लगाया। विधायक ने कहा कि दिल्ली कैंट के बाद अब पूर्वी दिल्ली में मासूम को निशाना बनाया गया है।

शादी का झांसा देकर महिला से बलात्कार

शास्त्री पार्क इलाके में शादी का झांसा देकर 30 साल की एक महिला से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को शादी करने का झांसा दिया था, जबकि आरोपी पहले से शादीशुदा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मोहम्मद नाजिम उर्फ साहिल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश कर रही है।

जानकारी के मुताबिक पीड़िता अपने परिवार के साथ शास्त्री पार्क इलाके में रहती हैं। पुलिस को दी अपनी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि शादी के एक साल बाद ही उनके पति की मौत हो गई थी। वह गुजारा करने के लिए गांधी नगर की एक कारखाने में काम करती थीं। साल 2014 में उसकी मुुलाकात नाजिम से हुई। दोनों एक दूसरे से मिलने लगे। कुछ ही दिनों बाद आरोपी पीड़िता को साकेत ले गया। वहां उसने पीड़िता से प्यार का इजहार किया और शादी की बात की।

आरोप है कि नाजिम जल्द शादी करने की बात कह कर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। इसके बाद वह शादी की बात से इंकार करने लगा। फरवरी में पीड़िता को पता चला कि नाजिम पहले से शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है। पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने आरोप लगाया कि वह नाजिम के गांव गई तो उसके परिजनों ने उसे धमकाया। पुलिस मामला दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।