बिहार में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। यहां पटना के दानापुर में ताबड़तोड़ फायरिंग में 7 साल की बच्ची की मौत हो गई। वहीं 5 अन्य लोग घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने एक को गिरफ्तार कर लिया है वहीं दूसरे की तलाश की जा रही है। मामला दियाना क्षेत्र के फुटानी बाजार का है। घटना के बाद से ही इलाके में दहशत का माहौल है।
पड़ोसियों ने बारात पर फायरिंग कर दी
असल में शनिवार को इलाके में एक लड़की की बारात आई थी। बारात लड़की वालों के घर पहुंची ही थी कि पड़ोसियों ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। मृतक बच्ची अपने माता-पिता के साथ शादी समारोह में शामिल होने आई थी। उसे गोली लग गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बच्ची की क्या गलती थी? उसकी मौत ने पूरे परिवार को हिला कर रख दिया है। माता-पिता का बुरा हाल है। इस हादसे में पांच अन्य बाराती भी घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए दानापुर अस्पताल ले जाया गया।
अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि दुल्हन के पड़ोसियों ने इस घटना को क्यों अंजाम दिया। एक आरोपी की पहचान बुधन राय के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरा आरोपी अनिल साह मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
जांच में जुटी पुलिस
इस घटना के बारे में दानापुर के एसपी अभिनव धीमान का कहना है कि “यहां के फुटानी बाजार इलाके में शनिवार रात एक बारात पर दो लोगों ने अंधाधुंध फायरिंग की। जहां गोली लगने से एक सात साल की लड़की शिवानी कुमारी की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक आरोपी बुधन राय को गिरफ्तार कर लिया गया है और दूसरे की गिरफ्तारी के लिए तलाशी चल रही है। हम घटना में इस्तेमाल हुए हथियार भी बरामद करने की कोशिश कर रहे हैं। घटना में घायल हुए लोग खतरे से बाहर हैं।'”