यूपी के मथुरा से एक शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां जिले के एक गांव में तीन साल की मासूम के साथ दुष्कर्म किया गया। इसका आरोप गांव के ही एक किशोर पर लगा है। आरोप है कि किशोर मासूम बच्ची को फुसलाकर अपने साथ ले गया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस मामले की जानकारी दी। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक (नगर) मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने कहा कि मामला फरह थाना क्षेत्र के एक गांव का है। जहां शनिवार की शाम एक नाबालिग लड़के ने अपने घर के सामने रहने वाली तीन साल की मासूम बच्ची को टॉफी खिलाने के बहाने अपने घर ले गया और उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
बदहवास हालत में मिली बच्ची
उन्होंने आगे कहा कि जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं लौटी तो घर के लोग परेशान हो गए। वे बच्ची की तलाश करने लगे। वे बच्ची को खोजते हुए आरोपी के घर पहुंचे तो उसे एक कमरे में बदहवास हालत में पड़ा पाया। जिसके बाद उसे अस्पताल लेकर गए औऱ मामले में शिकायत दर्ज कराई।
गिरफ्तार हुआ किशोर
फरह थानाध्यक्ष कमलेश सिंह ने बताया कि आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी उम्र 15 साल है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसे बाल सुधार गृह में भेजा जा रहा है।