25 साल की वकील के साथ दुष्कर्म का मामला उजागर हुआ है। महिला का आरोपी है कि आरोपी पहले उन्हें अपने घर ले गया और फिर उसने यहां उनके नशे की हालत में होने का फायदा उठाया। मामला मुंबई का है। पुलिस ने इस मामले में 27 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी और पीड़िता की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। दरअसल यह दोनों मालाबार हिल में आयोजित एक पार्टी के दौरान मिले थे। इस पार्टी में इन दोनों ने शराब पी थी।
महिला वकील के मुताबिक शराब पीने के बाद वो नशे में आ गई थीं और आरोपी ने इसी बात का फायदा उठाया। वकील के मुताबिक आरोपी जबरदस्ती उन्हें लेकर अपने घर गया। पुलिस के मुताबिक यह घटना बीते शुक्रवार (22-11-2019) की है। आरोपी का नाम संकेत देशमुख बताया जा रहा है। संकेत पुणे का रहने वाला है और वो नौकरी की तलाश में मुंबई आया था।
मुंबई पुलिस के अधिकारी ने बताया कि ‘अभी तक संकेत को नौकरी नहीं मिली थी और उसे मालाबार हिल में आयोजित एक पार्टी में बुलाया गया था जहां उसकी मुलाकात महिला वकील से हुई…दोनों ने इस पार्टी में शराब पी जिसके बाद आरोपी ने वकील को घर छोड़ने का ऑफर दिया।’
पुलिस में जो शिकायत दर्ज कराई गई है उसमें पीड़ित महिला की तरफ से कहा गया है कि वो नशे की हालत में थी इसलिए वो उसके साथ गईं,,,लेकिन आरोपी उन्हें अपने घर ले गया।
पुलिस के मुताबिक अगले दिन सुबह जब वो उठीं तो आरोपी ने उनके सामने अपनी गलती कुबूल की और उनसे कोई कानूनी कार्रवाई ना करने की विनती भी की। लेकिन पीड़ित महिला ने शनिवार को इस मामले में दुष्कर्म का केस दर्ज कराया। केस दर्ज कराने के बाद आरोपी युवक फरार हो गया।
पुलिस ने जब उसके कॉल रिकॉर्ड डाटा को खंगाला तो उसका लोकेशन घाटकोपर के नारायण नगर में मिला। पुलिस ने तुरंत एक टीम का गठन कर आरोपी संकेत को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आरोपी युवक पर भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म) के तहत केस दर्ज किया गया है। बहरहाल अब पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर कानूनी कार्रवाइयों में जुटी हुई है। (और…CRIME NEWS)
