उत्तरपूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर से एक सनीसनीखेज खबर समाने आई है। यहां गौतमपुरी के एक पार्क में रविवार शाम तीन लड़कों के एक समूह ने एक 17 साल के लड़के पर चाकू से हमला कर दिया। हमला आपसी दुश्मनी को लेकर किया गया। हमले में पीड़ित घायल हो गया। उसका अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने एक 17 साल के आरोपी को पकड़ लिया है वहीं दो लड़के अभी फरार चल रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।

घायल हुए लड़के की हालत स्थिर बताई जा रही है। वह खतरे से बाहर है। इस मामले में पुलिस उपायुक्त (पूर्वोत्तर) जॉय तिर्की का कहना है कि न्यू उस्मानपुर थाने में खतरनाक हथियार से जानबूझ कर चोट पहुंचाने और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि हमला स्कूल में किशोरों के बीच झगड़े को लेकर हुआ था।

डीसीपी तिर्की ने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे सूचना मिली कि शाहदरा के जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में एक 17 साल के लड़के को भर्ती किया गया है। किशोर के सीने में बाईं औऱ चाकू लगा था। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। वह डॉक्टर की निगरानी में है।

किशोर के पिता की सात साल पहले हो चुकी है मौत

घायल किशोर अपनी मां और भाई के साथ गौतमपुरी में रहता है। उसके पिता की करीब सात साल पहले मौत हो गई थी। पीड़ित के चाचा का कहना है कि पढ़ाई के अलावा वह पूर्वोत्तर दिल्ली में एक एलईडी लैंप बनाने वाली कंपनी में भी काम करता है।

पीड़ित के चाचा के अनुसार, किशोर रविवार शाम 6 बजे के करीब काम से घर लौटा था। तभी उसके दोस्त का फोन आया और उसने उसे गौतमपुरी पानी की टंकी के पास पार्क में मिलने बुलाया। इसके बाद एक पुलिसकर्मी ने फोन पर बताया कि मेरा भतीजा एक दुर्घटना में घायल हो गया है। हम अस्पताल गए और पता चला कि उसे किसी ने चाकू मारा है। फिलहाल पुलिस इस मामले की खोजबीन कर रही है।