उत्तर प्रदेश के बलिया के बैरिया थाना क्षेत्र में 17 साल की दलित किशोरी के साथ गांव के ही दो लड़कों ने कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया था। इस मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पहले आरोपी को पुलिस शुक्रवार को ही गिरफ्तार कर चुकी थी। बैरिया थाना प्रभारी धर्म वीर सिंह ने दर्ज एफआईआर का हवाला देते हुए सोमवार को बताया कि बैरिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 17 साल की दलित किशोरी के साथ उसी के गांव के रहने वाले सालिक सिंह और दीपक यादव ने गत दो अक्टूबर की शाम को कथित तौर पर बलात्कार किया था।
बलात्कार के बाद किशोरी की बिगड़ी तबीयत
सिंह के मुताबिक, बलात्कार के बाद जब किशोरी की तबीयत बिगड़ने लगी तो दोनों आरोपियों ने उसे सोनबरसा स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि चिकित्सक की सलाह पर आरोपियों ने किशोरी का जिला अस्पताल में इलाज कराया और फिर 4 अक्टूबर को उसे उसके घर छोड़ दिया।
आरोपियों ने पीड़िता के पिता को किया अपमानित
सिंह के अनुसार, किशोरी के बारे में पूछने पर आरोपियों ने उसके पिता को जातिसूचक शब्द बोले। उन्होंने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर बैरिया थाने में सालिक सिंह और दीपक यादव के खिलाफ पांच अक्टूबर को नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता की हालत अब स्थिर है। हालांकि मानसिक तौर पर वह मुश्किलों का सामना कर रही है।
सिंह के मुताबिक, पुलिस ने शुक्रवार को दीपक यादव को गिरफ्तार कर लिया जबकि दूसरा आरोपी सालिक सिंह रविवार को उसके हत्थे चढ़ा। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों की उम्र 20 से 22 साल के बीच है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।