आगरा के एक गांव में शनिवार को एक 16 वर्षीय लड़की ने पीछा करने वाले से तंग आकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उसके परिवार ने यह दावा किया है। आगरा पुलिस ने लड़की के भाई की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने फिरोजबाद जिले से आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। आगरा जिले में मार्च के बाद एक जैसी ये तीसरी घटना सामने आई है।

बदमाश से तंग आकर फिरोजाबाद से आगरा शिफ्ट हुआ था परिवार

शिकायत करने वाले ने दावा किया कि उसका परिवार पहले फिरोजाबाद के एक गांव में रह रहा था। लड़की के भाई ने आरोप लगाया कि जब वह स्कूल जा रही थी तो आरोपी उसका पीछा करता था और उसे जबरन रोकता था। प्राथमिकी के अनुसार, लड़की ने पहले घबराकर स्कूल जाना बंद कर दिया और परिवार कुछ महीने पहले आगरा चला गया, लेकिन उस व्यक्ति ने उनके नए पते का पता लगा लिया और फिर से उसका पीछा करना शुरू कर दिया।

पुलिस ने फिरोजाबाद जाकर आरोपी को किया गिरफ्तार

लड़की के भाई ने दावा किया कि उन्होंने उस आरोपी शख्स के खिलाफ फिरोजाबाद के एरिया पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद परिवार को आगरा शिफ्ट होने के लिए मजबूर होना पड़ा। एत्मादपुर के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) रवि कुमार गुप्ता ने कहा, “हमने फिरोजाबाद से उस व्यक्ति को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। जबकि पोस्टमार्टम के बाद लड़की का शव परिवार को सौंप दिया गया है।”

मार्च के बाद आगरा में सामने आई ऐसी ही दो और वारदात

कुछ महीने पहले, इसी थाना क्षेत्र में कक्षा 7 की एक छात्रा ने अपने दोस्त के पिता द्वारा बार-बार छेड़छाड़ करने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। लड़की की सहेली को उसकी परेशानी का पता चल गया और उसने मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद उस आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

एक अन्य घटना में 11वीं कक्षा की एक 17 वर्षीय छात्रा ने मार्च में आगरा में अपने घर पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। शादी नहीं करने पर एक बदमाश ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने कहा कि उन्होंने उस बदमाश को बाद में गिरफ्तार कर लिया

Delhi University में महिलाओं के साथ हुई छेड़छाड़, विरोध करने पर किया गया गिरफ्तार | Video

लखनऊ में एक महिला ने आग लगाकर की आत्महत्या

दूसरी ओर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को एक महिला की आग लगा कर आत्महत्या की खबर सामने आई है। कैसरबाग़ थाना क्षेत्र के जिमखाना क्लब के सर्वेंट क्वार्टर में रहने वाली 29 वर्षीय सीमा ने आग लगाकर आत्महत्या कर ली। सीमा ने बाथरूम में ज्वलशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगाई थी। धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने दरवाज़ा तोड़ कर आग बुझाई और पुलिस को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की आत्महत्या करने की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।