छत्तीसगढ़ के रायपुर में 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले 14 साल के किशोर ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है। फिलहाल पुलिस ने किशोर को पकड़ लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह मामला तब सामने आया है जब उज्जैन में 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। पता नहीं बेटियां कहां सुरक्षित रहेंगी। देखने में आता है कि दुष्कर्म के आरोपी अधिकतर जान-पहचान वाले होते हैं। यह मामले में भी आरोपी पड़ोसी है।
इस मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी लड़के को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (रायपुर शहर) लखन पटले ने बताया कि बुधवार को धरसींवा पुलिस थाना क्षेत्र में बालिका के परिजनों की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई।
पड़ोसी बच्ची को अपने घर ले गया और फिर उसका दुष्कर्म किया
पटले के अनुसार, परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी लड़का बालिका को अपने घर ले गया और कथित तौर पर उससे बलात्कार किया। उन्होंने बताया कि घर लौटने पर पीड़िता ने दर्द और ब्लीडिंग की शिकायत की। जिसके बाद बच्ची की मां उसे नजदीकी अस्पताल ले गई। पटले ने बताया कि बालिका के माता-पिता ने जब पुलिस को सूचित किया तब उसे शहर के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल रेफर किया गया। बालिका की हालत सामान्य बताई जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में भारतीय दंड संहिता और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी लड़के को हिरासत में ले लिया तथा उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
बता दें कि उज्जैन दुष्कर्म मामले में दो ऑटो ड्राइवर सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कल मुख्य आरोपी ऑटो ड्राइवर ने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की। भागने के चक्कर में वह घायल हो गया था। इसके बाद उसे इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।